UP

अगर युवा प्रयास करेंगे तो सफलता अवश्य मिलेगी : दानिश आजाद अंसारी

अगर युवा प्रयास करेंगे तो सफलता अवश्य मिलेगी : दानिश आजाद अंसारी

लखनऊ, 25 दिसंबर (हि.स.)। शिया पी.जी. कॉलेज, खदरा के-हॉल ऑडिटोरियम में अम्बर फाउंडेशन द्वारा ‘कॅरियर एवेन्यूज 2025 से 2050’ पर एक सेमिनार का आयोजन किया गया। उत्तर प्रदेश सरकार के अल्पसंख्यक कल्याण, मुस्लिम वक्फ और हज मामलों के राज्य मंत्री दानिश आज़ाद अंसारी ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा “आज का युग अवसरों और चुनौतियों का है। अगर युवा सही दिशा में प्रयास करेंगे तो वे न केवल अपने परिवार बल्कि देश का भी नाम रोशन करेंगे।” उन्होंने राज्य सरकार द्वारा चलाए जा रहे स्किल डेवलपमेंट प्रोग्राम का उल्लेख करते हुए युवाओं को आत्मनिर्भर बनने की प्रेरणा दी।

मौलाना यासूब अब्बास ने अम्बर फाउंडेशन के प्रयासों की सराहना करते हुए हर संभव मदद का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि ऐसे कार्यक्रम युवाओं के भविष्य को आकार देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

अम्बर फाउंडेशन के चेयरमैन वफा अब्बास ने कहा “हमारा उद्देश्य युवाओं को सही दिशा में प्रेरित करना और समाज में सकारात्मक बदलाव लाना है। एम्बर फाउंडेशन पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी जी के सपनों को साकार करने की दिशा में कार्य कर रहा है।” उन्होंने लड़कियों के लिए नर्सिंग, एविएशन, होटल मैनेजमेंट और पैरामेडिकल जैसे क्षेत्रों में मौजूद बड़े अवसरों पर जोर दिया।

कार्यक्रम मेंं प्रो. संजय मेधावी (लखनऊ विश्वविद्यालय), डॉ. कामिल रिज़वी (बाबा बनारसी दास कॉलेज), प्रो. विवेक मिश्रा (शारदा ग्रुप) इंजीनियर मासूम अब्बास (यूएसए) ग्लोबल कॅरियर और डिजिटल क्रांति पर अपने अनुभव साझा किए। प्रो. अभिषेक मिश्रा (अम्बालिका इंस्टीट्यूट) ने तकनीकी कौशल और नेतृत्व क्षमता पर फोकस किया। कार्यक्रम का संचालन प्रो. आगा परवेज मसीह ने किया। शाजिया ने बहुत अच्छे अंदाज से सबका शुक्रिया अदा किया।

—————