पटवारी भर्ती परीक्षा में मेहंदी लगाकर नहीं आएं अभ्यर्थी: कर्मचारी चयन बोर्ड अध्यक्ष
एक छात्र ने जन्माष्टमी के अवसर पर मेहंदी लगाकर पटवारी भर्ती परीक्षा में शामिल होने संबंधी सवाल शनिवार को सोशल मीडिया पर पूछा था। इसके जवाब में बोर्ड अध्यक्ष आलोक राज ने बताया कि, नहीं, यह संभव नहीं होगा। मैं सलाह दूंगा कि अगर महिलाएं या हमारी बहनें 17 अगस्त को पटवारी परीक्षा में बैठ रही हैं। तो बेहतर होगा कि मेहंदी लगाना अवॉइड करें। क्योंकि मेंहदी से बायोमैट्रिक्स अटेंडेंस में दिक्कत होगी। जिसके लिए स्टूडेंट को एफिडेविट देना पड़ेगा। वैसे भी इम्तिहान भी एक व्रत जैसे ही है। इसलिए संयम बरतें, क्यों कि, मेहनत की मेहंदी जिंदगीभर रचेगी।
आलोक राज ने बताया कि हम भर्ती परीक्षा में नकल रोकने के लिए हर संभव कोशिश कर रहे हैं। ऐसे में परीक्षा केंद्र में प्रवेश के दौरान अभ्यर्थी का फेस स्कैनिंग और बायोमैट्रिक अटेंडेंस ली जाती है। इसके साथ ही हैंडराइटिंग का सैंपल भी लिया जाता है। ताकि भविष्य में कोई और फर्जी स्टूडेंट नियुक्ति हासिल ना कर सके। इसके साथ ही अभ्यर्थियों की वीडियो रिकॉर्डिंग भी करवाई जाती है। वहीं परीक्षा के दौरान सीसीटीवी कैमरे से हर अभ्यर्थी पर निगरानी भी बरती जाती है। हालांकि उन्होंने एक बार फिर स्पष्ट किया कि जांच के दौरान किसी भी कैंडिडेट के इनरवेयर को उतरवाने के कोई भी निर्देश नहीं दिए गए हैं, न ही इसकी कोई आवश्यकता होगी। जींस पहन कर न आएं और यदि कोई गलती से मेटल बटन वाली जींस हो तो उसे इनक्लोजर में जाकर अच्छे से चेक कर ली जाए। जनेऊ वगैरह भी अलाउड है।
उल्लेखनीय है कि राजस्थान में 17 अगस्त को दो पारियों में 3705 पदों के लिए पटवारी भर्ती परीक्षा का आयोजन किया जा रहा है। जिसके लिए पौने सात लाख से अधिक अभ्यर्थियों ने आवेदन किया है।

