मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने मालेगांव केस के फैसले को बताया न्याय की जीत
मुख्यमंत्री ने मालेगांव फैसले पर कहा कि कांग्रेस ने हमेशा वोट बैंक के लिए तुष्टिकरण की राजनीति की है। उन्होंने हिन्दू टेरर जैसा अपमानजनक झूठ फैलाया और निर्दोष साधु-संतों के साथ ही पूरे समाज की गरिमा को निशाना बनाया था।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हाल ही में गृहमंत्री अमित शाह ने अपने भाषण में कहा कि हिन्दू कभी आतंकी नहीं हो सकता। उन्होंने कहा कि हम तो वसुधैव कुटुम्बकम् की भावना के साथ चलते हैं, क्योंकि यह हमारे संस्कारों और विचारों में है। जब हम चलते हैं तो इस बात का भी ध्यान रखते हैं कि पांव की नीचे कहीं चींटी तो नहीं आ गई।
मुख्यमंत्री ने कहा कि मालेगांव विस्फोट केस में सभी आरोपियों का बरी होना इस बात की पुष्टि करता है कि हिन्दू कभी आतंकवादी नहीं हो सकता। आज मालेगांव के दुष्प्रचार का अंत हो गया है, दूध का दूध और पानी का पानी हो गया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आज का यह ऐतिहासिक निर्णय न्याय की जीत है और सभी सनातनियों के लिए गर्व का विषय है, क्योंकि हिन्दू तो सिर्फ अपनी ही नहीं पूरे संसार के कल्याण की बात करता है।

