Rajasthan

सफाई व्यवस्था में लापरवाही बरतने पर स्वास्थ्य उपायुक्त को हटाया

दरअसल, जन्माष्टमी के मौके पर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा लगातार दो दिन परकोटे क्षेत्र में आए थे। इस दौरान शहर की सफाई व्यवस्था से मुख्यमंत्री खुश नहीं थे। उन्होंने इस मामले को लेकर आला अधिकारियों को तलब किया था। मुख्यमंत्री की नाराजगी के बाद जहां जन्माष्टमी की शोभायात्रा के बाद पूरी रात नगर निगम और जिला प्रशासन के अधिकारी शहर की सफाई व्यवस्था को दुरुस्त करने में जुटे रहे। इस दौरान कलेक्टर से लेकर निगम कमिश्नर समेत आला अधिकारी देर रात तक फील्ड में रहे। इस पूरे घटनाक्रम के बाद निगम कमिश्नर निधि पटेल ने शहर की सफाई का जिम्मा संभाल रहे स्वास्थ उपायुक्त देवानंद शर्मा को हेल्थ शाखा और उपायुक्त से हटाकर राजस्व अधिकारी के पद पर लगाया है। उनकी जगह राजस्थान प्रशासनिक सेवा के सीनियर अधिकारी युगांतर शर्मा को आदर्श नगर जोन के साथ ही स्वास्थ उपायुक्त की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं, लैंड शाखा में बीते दिनों हुए विवाद के बाद लैंड शाखा की जिम्मेदारी संभाल रही अधिकारी सरिता मल्होत्रा से लैंड शाखा की जिम्मेदारी हटाकर आरएमएस सर्विस की तनुजा सोलंकी को लैंड उपायुक्त बनाया गया है। उनकी जगह कविता चौधरी को मुख्यालय के साथ कार्मिक उपायुक्त का एडिशनल चार्ज दिया गया है। गौरतलब है कि हेरिटेज निगम में इससे पहले भी प्रशासनिक पदों को लेकर काफी विवाद सामने आ चुके हैं। इससे पहले भी आरएएस अधिकारी युगांतर शर्मा को आदर्श नगर जोन से हटाकर स्वास्थ्य उपायुक्त की जिम्मेदारी दी गई थी। लेकिन महज कुछ ही घंटों में उनसे यह जिम्मेदारी हटा दी गई थी। वहीं भ्रष्टाचार के मुद्दे को लेकर देवानंद शर्मा के खिलाफ कांग्रेसी पार्षदों ने मोर्चा खोल रखा था।