संजौली में शरारती तत्वों ने एक दर्जन गाड़ियों के शीशे तोड़े
जानकारी के अनुसार रात लगभग साढ़े 12 बजे तीन से चार अज्ञात युवकों ने हुड़दंग मचाते हुए 10 से 12 वाहनों के शीशे तोड़े। घटना के बाद कॉलोनी में दहशत का माहौल है। गुरुवार सुबह प्रभावित वाहन मालिकों ने जब यह नजारा देखा तो उन्होंने मामले की शिकायत पुलिस से की।
पुलिस अब आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके। आश्चर्य की बात यह है कि जिस जगह यह वारदात हुई वहां से महज 250 मीटर की दूरी पर संजौली पुलिस चौकी और लगभग 300 मीटर दूर ढली थाना है। ऐसे में रात्रि गश्त की प्रभावशीलता पर भी सवाल उठ रहे हैं।
ढली थाना प्रभारी विरलोचन नेगी ने गुरूवार को बताया कि पुलिस टीम मौके पर पहुंचकर जांच कर रही है। सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और जल्द ही आरोपियों की धरपकड़ की जाएगी।

