नैनीताल अपहरण कांड और बेतालघाट गोलीकांड में पुलिस पर गिरी गाज, कई पर कार्रवाई
एसएसपी प्रह्लाद सिंह मीणा ने बताया कि बेतालघाट गोलीकांड में भवाली के सीओ प्रमोद साह का स्थानांतरण आईआरबी देहरादून कर दिया गया है। इस कार्रवाई की संस्तुति निर्वाचन आयोग ने भी की थी। इनके अतिरिक्त तल्लीताल के थानाध्यक्ष रमेश सिंह बोहरा का अल्मोड़ा तबादला किया गया है, जबकि बवाल के दौरान मूकदर्शक बने रहने पर आरक्षी अमित चौहान को निलंबित किया गया है।
इनके अलावा ड्यूटी पर तैनात एक-एक पुरुष महिला आरक्षी और एक अग्निशमनकर्मी को लाइन हाजिर किया गया है। साथ ही पीएसी कर्मियों पर कार्रवाई के लिए मुख्यालय को पत्र भेजा गया है। बताया कि इससे पहले 14 अगस्त की रात को लापरवाही बरतने पर एएसआई उदय सिंह राणा पहले ही निलंबित हो चुके हैं। साथ ही अब तक इस प्रकरण में तल्लीताल थाने में छह मुकदमे दर्ज हो चुके हैं।

