पानी के बहाव में बही कुआं-बारी मार्ग की सड़क, कई गांवों का आवागमन प्रभावित
जनपद के चरखारी ब्लॉक के गांव कुआं से बारी गांव तक पक्का संपर्क मार्ग बना है। जिले में और आस पास के जिलों में रुकरुक कर हो रही लगातार बारिश से सीहो नाला उफना गया। जिससे पानी के तेज बहाव में दस मीटर सड़क भी बह गई। इससे कुआं, बारी समेत चार गांवों का संपर्क कट गया। बरायं गांव में बारिश का पानी भरने और प्राथमिक विद्यालय में जलभराव व कीचड़ से ग्रामीणों का पैदल निकलना मुश्किल है।
ऐसे ही जनपद के खरेला-गहरौली मार्ग मेंं जलनिकासी की व्यवस्था न होने से सड़क पर पानी भरा है। जिससे पुन्नियां, खरेला, गहरौली, मौदहा, हमीरपुर का आवागमन प्रभावित है। बाइक सवार जान जोखिम में डालकर जलभराव से निकल रहे हैं। जबकि बारिश व जलभराव के कारण कई स्थानों पर बड़े-बड़े गड्ढे हो गए हैं। राजू, पप्पू , रामप्रताप, दिनेश, दीपक, प्रमोद आदि ने जलभराव की समस्या दूर कराते हुए सड़क की मरम्मत कराए जाने की मांग की है।

