Delhi

उदयपुर में होगा ग्रामीण विकास का राष्ट्रीय चिंतन शिविरः शिवराज सिंह

शिवराज सिंह ने बताया कि चिंतन शिविर में देशभर से राज्यों के ग्रामीण विकास मंत्रियों के साथ राज्यों व केंद्र शासित प्रदेशों एवं केंद्रीय मंत्रालयों के वरिष्ठ अधिकारी शामिल होंगे। इनके साथ कार्यक्षेत्र विशेषज्ञ, केंद्रीय क्षेत्र के संगठन, समुदायों के सदस्य तथा क्षेत्र के कार्यकर्ता और लाभार्थी भी भाग लेंगे।

शिवराज सिंह ने बताया कि शिविर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उद्देश्यों के अनुरूप ग्रामीण भारत को गरीबीमुक्त करने और समृद्ध एवं लचीचे ग्रामीण समुदायों के निर्माण की दिशा में आगे बढ़ने के रास्तों पर विचार-विमर्श किया जाएगा। रोजगार के अवसर और कैसे बढ़े, यह भी चर्चा होनी चाहिए। इन सबके साथ ही, अगले पांच साल के लिए ग्रामीण विकास की योजनाओं की रूपरेखा पर चिंतन-मनन में किया जाएगा।

केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह ने बताया कि केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्रालय द्वारा अनेक योजनाओं का क्रियान्वयन सफलतापूर्वक किया जा रहा है। इनमें, प्रधानमंत्री मोदी द्वारा दिए गए तीन करोड़ लखपति दीदियां बनाने के लक्ष्य को भी तेजी से पूरा किया जा रहा है, हम लक्ष्य के करीब है। अभी तक 2 करोड़ से काफी ज्यादा दीदियां लखपति बन चुकी हैं, जो महत्वपूर्ण उपलब्धि है। प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत गरीबों के मकान बनाने का काम भी तेजी से पूरा किया जा रहा है, साथ ही अन्य योजनाओं- मनरेगा, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना, कौशल विकास आदि सभी योजनाओं में हम तेजी से काम कर रहे हैं। वीडियो कांफ्रेंसिंग में केंद्रीय राज्य मंत्री डा. चंद्रशेखर पेम्मासानी व सचिव शैलेष कुमार सिंह भी उपस्थित थे।