जबलपुर : कुसंस्कारियों पर भारी संस्कारधानी के संस्कारवान लोग
सुप्रभातम संस्था टीम के आलोक पाठक ने बताया कि सोशल मीडिया के माध्यम से पता चला कि लोग शहर को मिली इस भव्य सौगात को गंदा कर रहे हैं। जिसके चलते हम लोगों ने यह बीड़ा उठाया है कि इस पर फैली गंदगी को साफ करेंगे। उनका कहना है कि गंदा करने वाले कुछ लोग हैं परंतु उसको साफ रखने वाले इस शहर के जिम्मेदार नागरिक अपनी उपलब्धि बचाना जानते हैं। संस्था के लोगों का कहना है कि फ्लाईओवर पर आवारा तत्वों ने जमावड़ा बना रखा है। सफाई के दौरान उन्हें शराब की खाली पड़ी बोतलें भी मिली हैं। संस्था के इस कार्य से उन सभी गंदगी फैलाने वाले लोगों के मुंह पर करारा तमाचा पड़ा है जो समय-समय पर अपनी हरकतों से इस शहर को गंदा करते हैं।
इसके साथ ही फ्लाईओवर पर रील बनाने वालों के अलावा स्टंट करने वालों के खिलाफ भी पुलिस ने शिकंजा कसना प्रारंभ कर दिया है। पुलिस ने कुछ लोगों को पकड़ने के साथ उन पर जुर्माना भी लगाया है। मदन महल थाने की पुलिस इस समय ब्रिज पर नजर रखे हुए हैं।
उल्लेखनीय है कि केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी, मुख्यमंत्री मोहन यादव के साथ प्रदेश के मंत्री राकेश सिंह एवं अन्य दिग्गज नेताओं ने इस फ्लाईओवर का उद्घाटन किया था। शहर को मिली इस उपलब्धि पर मुख्यमंत्री मोहन यादव ने केंद्रीय नेतृत्व का धन्यवाद भी किया था। 7 किलोमीटर से ज्यादा लंबे इस ब्रिज के कारण शहर के एक बहुत बड़े क्षेत्र में यातायात का दबाव काफी कम हो गया है।

