UP

सीएनजी आटो ड्राइवर पर 13 व्यापारियों के पौने तीन करोड़ रूपये हड़पने का आरोप

सिविल लाइन के अगवानपुर कस्बा निवासी लोगों ने एसएसपी को दिए शिकायती पत्र में कहा कि सीएनजी आटो ड्राइवर मुश्ताक ने हमें मुनाफा कमाने का झांसा देकर पैसा लिया। ड्राइवर ने फैक्टरियों के पुराने स्क्रैप से मोटी आमदनी कराने का सपना दिखाया। इसके बाद उसने कस्बे के लोगों से जान पहचान बढ़ा ली। समझाया कि स्क्रैप में पैसे लगाने के बाद मोटा मुनाफा होगा। लोग चालक के बहकावे में आ गए। कस्बे के छोटे व्यापारियों से धन इकट्ठा कर चालक को दिया। उसने कस्बे के बड़े व्यापारियों से सम्पर्क कर काफी पैसा हासिल कर लिया। थोड़े ही देर में उसने 13 लोगों से 2.75 करोड़ रुपये इकट्ठा कर लिए। कुछ लोगों को उसने पैसा बढ़ाकर लौटा दिया। लेकिन काफी लोगों को एक साल बाद भी पैसा नहीं मिला। उन्होंने कई बार तकादा किया। इस बीच चालक और उसके परिवार ने झगड़ा किया और झूठे केस में फंसाने की धमकी दी।

प्रभारी निरीक्षक मनीष सक्सेना ने बताया कि वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के आदेश पर मामले में जांच की जा रही है।