फतेहाबाद में रतिया पुलिस ने 45 लाख की हेरोइन के साथ नशा तस्कर को दबोचा
थाना सदर रतिया के अंतर्गत आने वाली नागपुर पुलिस चौकी के प्रभारी उपनिरीक्षक गुरपाल सिंह ने बुधवार को बताया कि पुलिस टीम एएसआई सुरेश कुमार के नेतृत्व में अपराधियों की धरपकड़ को लेकर गश्त के दौरान गांव हड़ौली में मौजूद थी। इस दौरान पुलिस को सूचना मिली कि हरकृष्ण उर्फ रिन्कू नामक युवक हेरोइन बेचने का धंधा करता है और वह थोड़ी देर में अलीका से गांव नागपुर हेरोइन बेचने के लिए जाने वाला है। इस सूचना पर पुलिस टीम ने नागपुर-अलीका रोड पर नाकाबंदी कर वाहनों की जांच शुरू कर दी। सड़क सुनसान थी, लेकिन हर आने-जाने वाले वाहन पर पैनी नजरें लगी हुई थी। कुछ देर में एक युवक मोटरसाइकिल पर आता दिखाई दिया। उक्त युवक पुलिस नाकाबंदी को देखकर घबरा गया और मोटरसाइकिल को वापस मोड़ने की कोशिश करने लगा। शक के आधार पर पुलिस कर्मचारियों ने युवक को काबू कर पूछताछ की तो उसने अपना नाम हरकृष्ण उर्फ रिन्कू बताया। पुलिस ने जब उसकी तलाशी ली तो उसके पास से 88 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। हेरोइन की बाजार में अनुमानित कीमत लगभग 45 लाख रुपये बताई जा रही है। मौके पर ही उसकी मोटरसाइकिल और अन्य संदिग्ध सामान भी पुलिस ने जब्त कर लिया। आरोपित हरकृष्ण उर्फ रिन्कू के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।—-

