Himachal Pradesh

इंदिरा गांधी सुख शिक्षा योजना के तहत जिला मंडी में 125 विद्यार्थी लाभान्वित

योजना के लाभार्थी पण्डोह निवासी तुषार ने बताया कि वह आईटीआई मंडी में टर्नर की ट्रेनिंग कर रहा है। उसके पिता का निधन हो चुका है। घर में माता, भाई तथा दादी ही हैं। माता सिलाई का काम करती हैं जबकि भाई पेंटर है। कठिन आर्थिक स्थिति के कारण परिवार उनकी उच्च शिक्षा का खर्चा नहीं उठा पा रहा था। ऐसे में मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू की संवेदनशील पहल इंदिरा गांधी सुख शिक्षा योजना उनकी सहायक बनी। इस योजना के तहत तुषार की शिक्षा का खर्च अब राज्य सरकार उठा रही है। ऐसी कल्याणकारी योजना आरंभ करने और उन जैसे जरूरतमंद युवाओं के सपने साकार करने के लिए उन्होंने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया है।

मंडी की अमृता, चतरोट की रोशनी देवी और बग्गी के शुभम बताते हैं कि उन्होंने आईटीआई मंडी से ब्यूटीशियन, सिलाई व कढ़ाई तथा इन्फॉर्मेशन एंड कम्युनिकेशन टेक्नोलॉजी सिस्टम मेंटिनेंस ट्रेड में कोर्स किया है। उनकी पढ़ाई के लिए प्रदेश सरकार ने सहायता राशि दी है इसके लिए वे प्रदेश सरकार और विशेषतौर पर मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू के धन्यवादी हैं जिन्होंने अनाथ, असहाय, बेसहारा व गरीब बच्चों के उत्थान के लिए इस प्रकार की कल्याणकारी योजनाएं चलाई हैं। इंदिरा गांधी सुख शिक्षा योजना प्रदेश सरकार की एक महत्वपूर्ण पहल है जिसके तहत आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के बच्चों के लिए शिक्षा के क्षेत्र में नए अवसर प्रदान किए जा रहे हैं और उच्च शिक्षा ग्रहण करने के उनके सपनों को पूरा करने में मदद की जा रही है।