मप्र का सबसे बड़ा फ्लाई ओवर हमारे लिए गौरव, इसकी स्वछता-सुंदरता हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी : राकेश सिंह
लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह के साथ सांसद आशीष दुबे, महापौर जगतबहादुर सिंह अन्नू, भाजपा जिला अध्यक्ष रत्नेश सोनकर, ग्रामीण जिला अध्यक्ष राजकुमार पटेल, विधायक सुशील तिवारी इंदु, अभिलाष पांडे, प्रदेश कोषाध्यक्ष अखिलेश जैन, नगर निगम अध्यक्ष रिंकू विज, कलेक्टर दीपक सक्सेना, एसपी सम्पत उपाध्याय, नगर निगम आयुक्त प्रीति यादव व शहर के प्रबुद्ध जन, सामाजिक एवं व्यापारी संगठनों के प्रतिनिधि फ्लाई ओवर पर पहुंचे जहाँ सबने शपथ लेकर फ्लाई ओवर में किसी भी तरह की आवंछनीय गतिविधि न होने का संकल्प लिया।
सिंह ने कहा देश में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व, मप्र में मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव के नेतृत्व में और केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी जी की दूरदर्शिता का परिणाम है कि मप्र का सबसे बड़ा फ्लाई ओवर और देश का सबसे बड़ा केबल स्टे ब्रिज हमें मिला है यह फ्लाई ओवर जबलपुर ही नहीं बल्कि पुरे मप्र के लिए गौरव है और इसे संभाल कर और सहज कर आने वाली पीढ़ियों तक इसी रूप में सौंपना हमारी सामूहिक जिम्मेदारी है, लेकिन वर्तमान में शहर के गौरव इस फ्लाईओवर को लेकर जो दृश्य सामने आ रहे हैं वह कहीं न कहीं संस्कारधानी की छवि को पूरे प्रदेश और देश में धूमिल कर रहे हैं।
सिंह ने कहा हाल ही में सोशल मीडिया पर कुछ वीडियो सामने आए हैं जिनमें कुछ लोग पान मसाला खाकर फ्लाईओवर की बाउंड्री को गंदा करते दिख रहे हैं, कहीं वाहन पर खतरनाक स्टंट, तो कहीं फ्लाईओवर पर बैठक, पार्टी, मौज-मस्ती और रील्स बनाने जैसी घटनाएं सामने आ रही हैं। यह व्यवहार न केवल स्वच्छता और सुरक्षा के लिए खतरा है, बल्कि हमारी संस्कारधानी की मर्यादा पर भी आघात है।
सिंह ने कहा मेरा सभी जबलपुर वासियों से विनम्र आग्रह है कि यह फ्लाईओवर हमारे आवागमन को सुविधाजनक बनाने के लिए बना है, यह कोई पर्यटन स्थल नहीं है। निश्चित ही यह हमारे शहर के विकास के साथ पर्यटन को भी गति देगा, परंतु इसे पार्टी या मनोरंजन का अड्डा बनाना, संस्कारधानी की गरिमा के साथ खिलवाड़ है।

