रोमांस और मस्ती से भरपूर ‘सनी संस्कारी की तुलसी कुमारी’ का ट्रेलर रिलीज
‘सनी संस्कारी की तुलसी कुमारी’ का ट्रेलर हंसी, मस्ती और रोमांस का जबरदस्त तड़का पेश करता है। फिल्म में वरुण धवन सनी संस्कारी के किरदार में नजर आ रहे हैं, जबकि जाह्नवी कपूर तुलसी कुमारी बनी हैं। दोनों की ऑन-स्क्रीन कैमिस्ट्री को दर्शकों से खूब तारीफें मिल रही हैं। वरुण की बेहतरीन कॉमिक टाइमिंग दर्शकों को लुभा रही है। वहीं, सान्या मल्होत्रा अनन्या और रोहित सराफ विक्रम के रोल में नजर आएंगे। इनकी नई जोड़ी को लेकर भी दर्शकों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।
‘सनी संस्कारी की तुलसी कुमारी’ का निर्देशन शशांक खेतान ने किया है, जो ‘हम्प्टी शर्मा की दुल्हनिया’, ‘बद्रीनाथ की दुल्हनिया’, ‘धड़क’ और ‘अजीब दास्तां’ जैसी लोकप्रिय फिल्मों के लिए जाने जाते हैं। फिल्म की कहानी भी उन्होंने ही लिखी है। वरुण धवन और जाह्नवी कपूर के साथ इसमें मनीष पॉल, अक्षय ओबेरॉय और रिया विज जैसे कलाकार भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। करण जौहर द्वारा निर्मित यह रोमांटिक कॉमेडी फिल्म 2 अक्टूबर को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।

