विश्व तीरंदाजी चैंपियनशिप में भारतीय पुरुष कम्पाउंड टीम ने रचा इतिहास, पहली बार स्वर्ण पदक
नई दिल्ली, 07 सितंबर । भारतीय पुरुष कम्पाउंड तीरंदाजी टीम ने इतिहास रच दिया है। भारतीय टीम ने कोरिया के ग्वांगझू में खेले जा रहे विश्व तीरंदाजी चैंपियनशिप 2025 में रविवार को कंपाउंड पुरुष टीम स्पर्धा में फ्रांस को हराकर पहली बार स्वर्ण पदक जीता।
ऋषभ यादव, अमन सैनी और प्रथमेश फुगे की भारतीय टीम ने फाइनल में हर पल संयम बनाए रखा और शानदार प्रदर्शन किया। कंपाउंड पुरुष टीम स्पर्धा के फाइनल में भारतीय टीम पहले सेट में अपने फ्रांसीसी प्रतिद्वंद्वियों निकोलस गिरार्ड, जीन फिलिप बौल्च और फ्रांस्वा डुबोइस से 59-57 से पिछड़ गयी। हालांकि इसके बाद दूसरे सेट में भारतीय खिलाड़ियों ने वापसी करते हुए 60-58 के अंतर से जीतते हुए स्कोर बराबर (117-177) कर दिया।
तीसरे सेट में दोनों टीमों की ओर से स्कोर बराबर रहा। अंत में चौथे सेट में भारतीय टीम ने 59 का स्कोर बनाया, जबकि फ्रांस की टीम 57 अंक ही बना पायी। इस तरह भारतीय टीम ने दो अंक की बढ़त हासिल करते हुए फ्रांस को 235-233 के अंतर से हराकर स्वर्ण पदक अपने नाम किया।

