सीट बंटवारे को लेकर 8 घंटे चली भाजपा कोर ग्रुप की बैठक, रात में एनडीए गठबंधन को अंतिम रूप देने की संभावना
शनिवार को सुबह 11 बजे से भाजपा कोर ग्रुप की बैठक जेपी नड्डा के आवास पर शुरू हुई। दोपहर तीन बजे जीतन राम मांझी जेपी नड्डा के आवास पर पहुंचे। इनके बीच बैठक करीब आधे घंटे चली। जबकि उपेंद्र कुशवाहा, जेपी नड्डा के घर पर करीब डेढ़ घंटे रहे। माना जा रहा है कि भाजपा ने दोनों दलों को सीटों के बंटवारे को लेकर मनाने की कोशिश की है। एनडीए में सीटों के बंटवारे को अंतिम रूप दिया गया है, बस घोषणा होना बाकी है।
इस बीच जेपी नड्डा के घर पर हुई जीतन राम मांझी की बैठक के बाद हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा के राष्ट्रीय प्रवक्ता राजेश पांडे का बड़ा बयान आया। उन्होंने कहा कि मांझी जी ने अपनी बात भाजपा नेतृत्व को बता दी है। राजनीति में कोई भी दोस्त या दुश्मन परमानेंट नहीं होता है। हमारे लिए सारे विकल्प खुले हैं, बातचीत चल रही है।
कल शाम भाजपा की केन्द्रीय चुनाव समिति की होगी बैठक
बिहार चुनाव को लेकर भाजपा के उम्मीदवारों की सूची को अंतिम रूप देने के लिए रविवार शाम सात बजे भाजपा मुख्यालय में केन्द्रीय चुनाव समिति की बैठक होगी। इस बैठक में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, पार्टी अध्यक्ष जेपी नड्डा, बिहार के प्रभारी और चुनाव प्रभारी के साथ महासचिव मौजूद रहेंगे। इस बैठक के बाद भाजपा उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर सकती है।
उल्लेखनीय है कि बिहार की कुल 243 सीटों पर दो चरणों में वोटिंग होगी। पहले चरण में 06 नवंबर को 121 सीटों पर मतदान होगा। दूसरे चरण की वोटिंग 11 नवंबर को होगी। 10 अक्टूबर से नामांकन प्रक्रिया भी शुरू हो चुकी है जो कि 17 अक्टूबर तक चलने वाली है। 14 नवंबर को चुनाव के नतीजे आएंगे।

