Himachal Pradesh

शिमला में धनतेरस पर होगा भाजपा के नए प्रदेश कार्यालय का शिलान्यास, जगत प्रकाश नड्डा करेंगे शुभारंभ

उन्हाेंने कहा कि नया प्रदेश कार्यालय टूटू के पास एयरपोर्ट रोड पर बनाया जा रहा है। यह भवन न केवल भाजपा के संगठनात्मक कार्यों के संचालन का आधुनिक और सुव्यवस्थित केंद्र होगा, बल्कि आने वाले वर्षों में पार्टी कार्यकर्ताओं के लिए एक प्रेरणास्रोत और संगठनात्मक ऊर्जा का स्रोत भी बनेगा।

बलबीर वर्मा ने कहा कि 18 अक्टूबर का दिन भाजपा के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण और गर्व का अवसर होगा। उन्होंने कहा कि यह भवन आने वाले समय में पार्टी की संगठनात्मक गतिविधियों को नई दिशा और मजबूती देगा। भवन का निर्माण भविष्य की जरूरतों और आधुनिक सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए किया जाएगा, ताकि कार्यकर्ताओं को एक प्रेरणादायक और सुविधाजनक कार्यस्थल उपलब्ध हो सके।

उन्होंने बताया कि शिलान्यास समारोह में प्रदेशभर से कार्यकर्ता भाग लेंगे और इस ऐतिहासिक पल के साक्षी बनेंगे। पूरे प्रदेश में इस आयोजन को लेकर उत्साह का माहौल है और पार्टी कार्यकर्ता पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ तैयारियों में जुटे हुए हैं।

वर्मा ने यह भी कहा कि यह नया प्रदेश कार्यालय केवल एक इमारत नहीं होगा, बल्कि भाजपा की विचारधारा, संगठनात्मक अनुशासन और कार्यकर्ताओं की मेहनत का प्रत्यक्ष प्रतीक होगा। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं, समर्थकों और आम नागरिकों से आह्वान किया कि वे 18 अक्टूबर को बड़ी संख्या में टूटू पहुंचकर इस महत्वपूर्ण आयोजन का हिस्सा बनें और इस गौरवपूर्ण क्षण को साझा करें।

भाजपा का यह नया कार्यालय प्रदेश की राजनीति में न केवल संगठनात्मक सशक्तिकरण का केंद्र बनेगा, बल्कि युवाओं और कार्यकर्ताओं को भी एक ऐसा स्थान उपलब्ध कराएगा जहां से वे पार्टी की नीतियों, कार्यक्रमों और जनसेवा के कार्यों को और प्रभावी रूप से आगे बढ़ा सकें।

उन्हाेंने कहा कि यह कार्यालय भवन अत्याधुनिक सुविधाओं से युक्त होगा, जिसमें बैठक हॉल, डिजिटल कक्ष, पुस्तकालय, मीडिया सेंटर और कार्यकर्ताओं के ठहरने की सुविधाएं भी होंगी। संगठनात्मक गतिविधियों को एक ही छत के नीचे सुचारू रूप से संचालित करने के उद्देश्य से इस भवन का डिजाइन तैयार किया गया है।

वर्मा ने कहा कि शिलान्यास कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर भाजपा प्रदेश कार्यालय शिमला में एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया। इस बैठक की अध्यक्षता प्रदेश भाजपा अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने की। बैठक में प्रदेश के वरिष्ठ नेताओं, पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।