Haryana

झज्जर : बिजली के स्मार्ट मीटर लगाने की योजना को वापस लेने की मांग

केंद्र व राज्य सरकार की प्रीपेड स्मार्ट मीटर स्कीम व बिजली क्षेत्र के निजीकरण के विरोध में ऑल इंडिया इलेक्ट्रिसिटी कंज्यूमर एसोसिएशन से सबद्ध बिजली उपभोक्ता मंच हरियाणा ने रामकिशन और राजबीर सिंह की अगुवाई में सोमवार को बहादुरगढ़ शहर के लाइन पर क्षेत्र में बिजली उपभोक्ता जनसंपर्क अभियान चलाया। इसी के तहत लाइनपार रेलवे पार्क में बिजली उपभोक्ताओं की विचार गोष्ठी का आयोजन किया जिसकी अध्यक्षता राजकुमार सैनी ने की। गोष्ठी में रामकिशन, राजबीर सिंह छिल्लर लालजी, सतबीर सिंह, अतरसिंह व सतीश कुमार ने अपने विचार रखे। सभी वक्ताओं ने कहा कि प्रीपेड स्मार्ट मीटर तेज गति से चलते हैं, इनकी क़ीमत हम उपभोक्ताओं से किस्तों में वसूल की जाएगी। फोन की तरह पहले पैसे देने होंगे, कर्मचारियों की छँटनी होंगी और वे बेरोज़गार हो जाएंगे।बिजली प्राइवेट कंपनियों के हाथों में जाने से गरीब उपभोक्ताओं को मिलने वाली सभी क्रॉस सब्सिडियां ख़त्म हो जाएंगी और बिजली मुनाफा कमाने की चीज़ बन जाएगी।

गोष्ठी को संबोधित करते हुए बिजली उपभोक्ता मंच हरियाणा के राज्य सचिव मेहर सिंह बांगड़ ने कहा कि सरकार की स्मार्ट मीटर स्कीम, निजी कंपनियों की मांग पर उनके हित साधने के लिए ही लागू की जा रही है। उन्होंने कहा कि यह सरकारी बिजली वितरण कंपनियों के निजीकरण की तैयारी में लिया गया पहला कदम है। बिजली उपभोक्ताओं के हितों से इसका कोई सरोकार नहीं है। स्मार्ट मीटर स्कीम के विरोध में विभिन्न प्रांतों में बिजली उपभोक्ताओं के जबरदस्त विरोध का सामना सरकारों को करना पड़ रहा है, जिसके दबाव में कई राज्य सरकारें पीछे हटने के लिए मजबूर हुई हैं।

हरियाणा में भी स्मार्ट मीटर के विरोध में किसानों, बिजली उपभोक्ताओं के विरोध को देखते हुए प्रीपेड को उपभोक्ता की इच्छा पर रखने संबंधी बयान सरकार को जारी करना पड़ा है। बिजली उपभोक्ता मंच प्रदेश कमेटी सदस्य जयकरण मांडौठी ने कहा कि आंदोलन के जरिए इस निजीकरण की योजना को वापस नहीं कराया गया तो बिजली लगातार मंहगी होने की वजह से आम आदमी की पहुंच से बाहर हो जाएगी। इस अवसर पर विद्या देवी, शीला देवी, धर्मपाल, सुरेंद्र सिंह शमशेर सिंह, सतबीर, कुलदीप शर्मा, सत्यवान, रामनिवास, रमेश कुमार, प्रकाशचंद, सुरेशचंद, रोहित, नरेंद्र, अमरजीत व कमलजीत आदि उपस्थित रहे।