दिवाली प्रकाश, सद्भाव और नए आरंभ का प्रतीक, न बढ़ाएं दिल्ली का प्रदूषण : विजेंद्र गुप्ता
विजेंद्र गुप्ता ने विधानसभा परिसर में दीप प्रज्वलित कर शांति, सौहार्द और सामूहिक प्रगति का संदेश दिया। इस दौरान रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों से पूरा माहौल उल्लास, संगीत और उत्साह से भर गया जो दिवाली के उत्सव और सद्भाव के प्रतीक का सच्चा प्रतिबिंब था। इस अवसर पर विधानसभा के उपाध्यक्ष मोहन सिंह बिष्ट, दिल्ली कैबिनेट मंत्री रविंद्र इंद्राज सिंह, सांसद सुधांशु त्रिवेदी और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा, गांधी स्मृति एवं दर्शन समिति के उपाध्यक्ष विजय गोयल मौजूद रहे।
अपने संबोधन में विधानसभा अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता ने कहा कि दिवाली केवल रोशनी का पर्व नहीं, यह आस्था, एकता और नवीकरण का प्रतीक है। यह हमें अंधकार और नकारात्मकता को दूर कर ज्ञान, करुणा और सद्भाव का प्रकाश फैलाने की प्रेरणा देता है। उन्होंने सभी नागरिकों से आह्वान किया कि वे इस अवसर पर मिलजुलकर शांति, प्रगति और समृद्धि के लिए कार्य करें।
गुप्ता ने आगे कहा कि दिवाली अच्छाई की बुराई पर, सत्य की असत्य पर विजय का प्रतीक है। यह पर्व प्रत्येक घर में प्रसन्नता, स्वास्थ्य और समृद्धि लेकर आए। दीपों की यह लौ हमें यह भी याद दिलाती है कि दिल्ली को एक सामंजस्यपूर्ण और समृद्ध नगर बनाने की हम सबकी साझा जिम्मेदारी है।
गुप्ता ने कहा कि दिवाली हमें यह भी याद दिलाती है कि हमें सामूहिक रूप से एक स्वच्छ, हरित और सतत् दिल्ली के निर्माण के लिए कार्य करना चाहिए। इस पर्व का वास्तविक अर्थ आनंद, करुणा और सौहार्द फैलाने में है, न कि धुएं और शोर में। आइए, हम सब संकल्प लें कि पर्यावरण की रक्षा करेंगे और आने वाली पीढ़ियों के लिए अपनी राजधानी को अधिक स्वच्छ और स्वस्थ बनाएंगे।

