Rajasthan

दीपोत्सव सोमवार को : शहर नहाया जगमग रोशनी में, बाजारों में उमड़ी भीड़

रूप चौदस मनाई :

खुशियों का पर्व दीपोत्सव के दूसरे दिन आज रविवार को रूप चौदस श्रद्धापूूर्वक मनाई गई। रूप चौदस पर शहर में सौन्दर्य प्रसाधन सामग्रियों की जमकर बिक्री हुई। धनतेरस की तरह आज भी शहर के सभी प्रमुख बाजारों में खरीदारी के लिए भीड़ दिखाई दी। धनतेरस पर जो लोग खरीदारी से वंचित रह गए थे। उन्होंने आज खरीदारी की। रूप चौदस पर शहर के बाजारों में सबसे अधिक भीड़ महिलाओं की दिखाई दी। महिलाओं ने रूप चौदस पर सोलह श्रृंगार के सभी सौन्दर्य प्रसाधन सामग्रियों की खरीदारी की। इस खरीदारी में पुरूष भी पीछे नहीं रहे। उन्होंने भी विभिन्न प्रकार के सौन्दर्य प्रसाधनों की खरीदारी की।

बाजार हुए गुलजार, लक्ष्मी उतरी बाजारों में :

दीवाली के मात्र एक दिन शेष रहने के कारण आज बाजारों में खरीदारी के लिए भीड़ उमड़ पड़ी। सबसे अधिक भीड़ कपड़े व पटाखों की दुकान पर पड़ी। इसके अलावा ज्वैलरी शोरूम, इलेक्ट्रिक-इलेक्ट्रोनिक आइटम वाहन शो रूम आदि स्थानों पर भी भीड़ पड़ी। शहरी उपभोक्ताओं के साथ ही ग्रामीणों की भी भारी भीड़ पड़ी। बड़ी संख्या में ग्रामीण खरीदारी के लिए शहर आए हुए थे। भीड़ को देखकर जोधपुर का व्यापार जगत भी उत्साहित नजर आया। नई सडक, जलजोग, सरदारपुरा बी व सी रोड, चौपासनी रोड, जालोरी गेट, गोल बिल्डिंग, त्रिपोलिया बाजार, रातानाडा, महामंदिर, घंटाघर, कटला बाजार, सर्राफा बाजार में त्योहारी खरीदारी की रंगत नजर आई।

लक्ष्मी पूजन का शुभ मुहूर्त

लक्ष्मी पूजन मुहूर्त: शाम 7.08 बजे से रात 8.18 बजे तक

प्रदोष काल: शाम 5.46 बजे से रात 8.18 बजे तक

वृषभ काल: शाम 7.08 बजे से 9.03 बजे तक

लक्ष्मी पूजन के लिए प्रदोष काल और वृषभ लग्न को सर्वोत्तम माना जाता है, क्योंकि यह समय मां लक्ष्मी को प्रसन्न करने वाला और अत्यधिक फलदायक होता है।