नशे में धुत्त डिफेंडर कार चालक ने छह वाहनों में मारी टक्कर, गिरफ्तार
पुलिस आयुक्त लक्ष्मी सिंह के मीडिया प्रभारी ने बताया कि 8 अक्टूबर की देर रात को एक डिफेंडर कार के चालक सुनील पुत्र करम सिंह निवासी सेक्टर -100 नोएडा ने सेक्टर 168 में गुलशन माल के पास तेजी और लापरवाही से वाहन चलाते हुए सड़क पर खड़ी पांच कारो और एक मोटरसाइकिल में टक्कर मार दिया। उन्होंने बताया कि इस घटना में सभी कारें क्षतिग्रस्त हो गई तथा बाइक भी टूट गई। उन्होंने बताया कि घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने कार चालक को गिरफ्तार कर लिया है। उन्होंने बताया कि घटना की रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस मामले की जांच कर रही है। उन्होंने बताया कि जांच में पता चला है कि आरोपित कार चालक बिल्डर है और घटना के समय वह नशे में था।

