सिरसा: किसानों ने खाद ब्रिक्री केंद्र पर जड़ा ताला
ग्रामीण छोटू राम, कृष्ण बेनीवाल, सुरेंद्र सिंह, ओम प्रकाश, जयवीर, प्रकाश, राजाराम, सुभाष, जगदीश, बहादुर सिंह ने बताया कि गांव जोगीवाला के पैक्स बिक्री केंद्र पर 500 बैग डीएपी खाद के आने की सूचना मिलने पर ग्रामीण सोमवार को बिक्री केंद्र पर जा पहुंचे। जब वहां किसान पहुंचे तो पैक्स कर्मियों ने दो बैग डीएपी और एक बैग टीएसपी के लिए किसानों को लाइन में लगने के लिए कहा। तभी किसानों ने कहा कि उन्हें सिर्फ डीएपी खाद चाहिए।, लेकिन पैक्स कर्मचारी टीएसपी और डीएपी खाद के बैग साथ देने लगा। इस दौरान किसान उग्र हो गए और डीएपी के साथ टीएसपी खाद लेने से मना कर दिया। उन्होंने बताया कि डीएपी का बैग 1350 रुपए और टीएसपी का बैग 1300 रुपए का दिया जा रहा है लेकिन उनके पास सिर्फ डीएपी खरीदने के ही पैसे हैं। ऐसे में डीएपी के साथ टीएसपी खाद जबरदस्ती थोपी जा रही है। यह सरासर अन्याय है। ग्रामीणों ने इसी दौरान बिक्री केंद्र पर ताला लगा दिया और सरकार के खिलाफ जोरदार नारेबाजी शुरू कर दी।
कागदाना पैक्स प्रबंधक सतबीर सिंह ने बताया कि गांव जोगीवाला में पैक्स बिक्री केंद्र पर 500 बैग डीएपी और 250 बैग टीएसपी खाद हैफैड की तरफ से भेजी गई है और जिसको बांटने के निर्देश दिए गए हैं। सेल्समेन हरपाल जब जोगीवाला बिक्री केंद्र पर डीएपी और टीएसपी के बैग बांटने के लिए पहुंचा तो किसान सिर्फ डीएपी खाद के बैग लेने के लिए तैयार हुए। इसके बाद किसानों ने केंद्र पर ताला लगा दिया गया है। अब उच्च अधिकारियों के दिशा निर्देश और किसानों की सहमति के बाद ही खाद वितरित की जाएगी।

