जींद : पीआर धान में नमी के नाम पर कटौती को लेकर किसानों ने जताया रोष, दिया धरना
जोरा सिंह डूमरखां ने कहा कि किसानों को आज अपनी पीआर औने-पौने दामों पर बेचनी पड़ रही है। सरकार एमएसपी देने के दावे कर रही है लेकिन ये दावे सिर्फ बातों, भाषणों तक सीमित है। मंडियों में जाकर देखे तो पता चलेगा किसान की पीआर 300 से 400 रुपये प्रति क्विंटल कम भाव पर बिक रही है। कभी नमी के नाम पर तो कभी सफाई के नाम पर किसानों को परेशान किया जा रहा है।
किसान हित की बातें भाजपा नेता करते हैं लेकिन हकीकत है कि किसान सबसे ज्यादा परेशान आज भाजपा के राज में है। किसान नेता आजाद पालवां ने कहा कि लगातार चार दिन से धरना चल रहा है। नमी के नाम पर जो कटौती की जा रही है उसके विरोध में धरना चल रहा है। बलराज श्योकंद के साथ चार किसानों ने भी अनशन किया। यहां पर जो मिलर पहले से है उनके अलावा दो मिलर अलॉट किए जाने की मांग की है। एसडीएम की तरफ से आश्वासन मिला है लेकिन जब तक लेटर नहीं आता तब तक धरना जारी रहेगा। किसानों के साथ किसी तरह की लूट नहीं होने दी जाएगी।

