Himachal Pradesh

कांग्रेस की दरबारी सोच बेनकाब, प्रियंका के घर से विकास माप रहे हैं सुक्खू : विश्वचक्षु

शुक्रवार को जारी एक प्रेस बयान में विश्व चक्षु ने कहा कि यह बयान न केवल हास्यास्पद है, बल्कि मुख्यमंत्री पद की गरिमा को भी ठेस पंहुचाने वाला है। उन्होंने कहा कि प्रियंका गांधी का शिमला में निजी घर बनाना कोई अहसान नहीं, बल्कि निजी संपत्ति का मामला है। इसे हिमाचल के पर्यटन या जनता की कर्जदारी से जोड़ना मुख्यमंत्री की सोच की सीमा को दर्शाता है।

उन्होंने कहा कि क्या अब प्रदेश की जनता उन सभी की भी कर्जदार होगी, जिन्होंने यहां मकान या होटल बनाए हैं। सुक्खू सरकार के पास यदि विकास की कोई ठोस उपलब्धि नहीं है तो वह प्रियंका गांधी के बंगले को ही उपलब्धि बताने पर उतर आई है।

विश्व चक्षु ने कहा कि यह बयान कांग्रेस की दरबारी मानसिकता और राजनीतिक दिवालियापन का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री को यह नहीं भूलना चाहिए कि हिमाचल की जनता खुद आत्मसम्मान से भरी हुई है। किसी के घर बनाने से प्रदेश का गौरव नहीं बढ़ता, बल्कि जनता की मेहनत और सरकार की नीतियों से बढ़ता है।

उन्होंने मुख्यमंत्री से आग्रह किया कि वे भविष्य में अपने बयानों में पद की गरिमा और प्रदेश की मर्यादा का ध्यान रखें।