ग्वालियरः वरिष्ठ अधिकारियों ने वृद्धाश्रम व अनाथ आश्रमों के रहवासियों के साथ मनाई दीपावली
दीपों के इस पावन पर्व पर खुशियां केवल कुछ घरों तक सीमित न रहें, बल्कि हर झोपड़ी और हर आंगन तक पहुँचे। इसी भावना को साकार करते हुए ग्वालियर जिले में कलेक्टर रुचिका चौहान के नेतृत्व में जिले के राजस्व अधिकारी गरीब एवं सहरिया जनजाति परिवारों के बीच पहुँचकर दीपावली का पर्व मना रहे हैं।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की जनहितैषी मंशा के अनुरूप यह पहल उन परिवारों तक खुशियां पहुँचाने का प्रयास है, जो अभावों के बीच भी उजाला फैलाने का हौसला रखते हैं। अधिकारियों ने बस्तियों में पहुँचकर बच्चों को फल, मिष्ठान, फुलझड़ी और अनार जैसी आतिशबाजी की थैली भेंट की। दीपावली के इस उपहार को पाकर बच्चों के चेहरों पर जो चमक आई, उसने पूरे माहौल को आलोकित कर दिया।
बस्ती की महिलाएं, युवा और बुजुर्ग भी इस आत्मीय पहल से भावुक हो उठे। सभी ने मुख्यमंत्री डॉ. यादव और जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि “सचमुच मध्यप्रदेश में ऐसी सरकार है जो हर वर्ग की खुशियों को अपनी जिम्मेदारी समझती है।” कलेक्टर रुचिका चौहान ने बताया कि “यह पहल केवल त्यौहार मनाने के लिये नहीं, बल्कि समाज में संवेदनशीलता और साझी खुशियों का संदेश देने का प्रयास है। उन्होंने बताया कि बीते रोज छोटी दीपावली पर भी जिले के राजस्व अधिकारी विभिन्न सहरिया बस्तियों में पहुँचकर उपहार वितरित कर चुके हैं।

