Himachal Pradesh

समर्थ–2025 के तहत मंडी के सरकाघाट में आपदा प्रबंधन पर जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित

राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला नवाही और ढलवान बाजार में हिमाचल संगीत कला केन्द्र मंच, जबकि राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला बल्द्वाड़ा, भद्रवाड़ और चंदैश में राधिका म्यूजिकल ग्रुप खुडला ने अपनी प्रस्तुतियों के माध्यम से स्थानीय लोगों व विद्यार्थियों को जागरूक किया। कलाकारों ने गीत, संगीत, संवाद और नुक्कड़ नाटकों के जरिए सुरक्षित भवन निर्माण, भूकंप के दौरान बरती जाने वाली सावधानियां, आगजनी की स्थिति में सतर्कता तथा प्राकृतिक आपदाओं से निपटने में सामुदायिक सहयोग के महत्व को रोचक ढंग से प्रस्तुत किया।

उन्होंने लोगों से अपील की कि भवन निर्माण में भूकंप रोधी तकनीक अपनाएं, नदी-नालों के किनारे घर न बनाएं, गैस सिलेंडर का सुरक्षित उपयोग करें तथा भूमि कटाव रोकने के लिए अधिक से अधिक वृक्षारोपण करें। साथ ही प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने पर भी बल दिया गया। स्थानीय जनता और विद्यार्थियों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे जनहितकारी कार्यक्रम नियमित रूप से आयोजित किए जाने चाहिए, ताकि समाज में आपदा प्रबंधन के प्रति जागरूकता और जिम्मेदारी की भावना बढ़े।