शेरवुड कॉलेज को लगातार दूसरी बार मिला देश के द्वितीय और उत्तराखण्ड के प्रथम श्रेष्ठ आवासीय विद्यालय का पुरस्कार
शेरवुड कॉलेज से प्राप्त जानकारी के अनुसार विद्यालय के प्रधानाचार्य अमनदीप सन्धू के नेतृत्व में शेरवुड कॉलेज ने लगातार दूसरी बार यह सम्मान अर्जित कर शिक्षा जगत में अपनी उत्कृष्ट पहचान स्थापित की है। सर्वेक्षण में विद्यालय की शैक्षणिक गुणवत्ता, खेलकूद, शिक्षणेत्तर गतिविधियों, अनुशासन, विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास तथा पूर्व विद्यार्थियों की व्यावसायिक सफलता जैसे पहलुओं का मूल्यांकन किया गया। प्रधानाचार्य अमनदीप संधू ने इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि शिक्षा मनुष्य के व्यक्तित्व के सर्वांगीण विकास का माध्यम है और शेरवुड कॉलेज सदैव इसी दिशा में उत्कृष्टता बनाए रखने के लिए प्रतिबद्ध रहेगा।
उन्होंने विद्यालय परिवार, शिक्षकों, विद्यार्थियों एवं अभिभावकों को इस सफलता के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया है। इस उपलब्धि से पूरे विद्यालय परिवार में हर्ष की लहर दौड़ गयी है।

