जींद में पांचवी तक की फिजिकल कक्षाएं स्थगित
डीसी ने बताया कि विद्यालय प्रशासन यह सुनिश्चित करेगा कि जहां संभव हो, वहां ऑनलाइन अथवा हाइब्रिड माध्यम से शिक्षण कार्य सुचारू रूप से जारी रखा जाए ताकि विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित न हो। उन्होंने जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी को निर्देश दिए हैं कि वे इन आदेशों की सख्ती से अनुपालना सुनिश्चित करें तथा किसी भी विद्यालय में कक्षा पांचवीं तक की फिजिकल कक्षाएं न लगाई जाएं।
धान पराली प्रबंधन एवं फसल अवशेष जलाने पर पूर्ण प्रतिबंध को लेकर वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग के चेयरमैन राजेश वर्मा ने हरियाणा के सभी उपायुक्तों व पुलिस अधिकारियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से समीक्षा बैठक की। बैठक में उन्होंने आवश्यक दिशा-निर्देश जारी करते हुए कहा कि नोडल अधिकारी आगामी दिनों में फील्ड में रहकर पेट्रोलिंग और मॉनिटरिंग बढ़ाएं ताकि किसी भी क्षेत्र में पराली जलाने की घटना न हो। उन्होंने कहा कि यदि कोई अधिकारी लापरवाही बरतता है तो उसके विरुद्ध विभागीय कार्रवाई की जाएगी। वहीं किसानों की सहायता के लिए अतिरिक्त बेलर मशीनें पिछले कुछ दिनों में जिला को प्राप्त हुई हैं। जिससे फसल अवशेषों के प्रबंधन में तेजी लाई जा सके। वीसी के उपरांत डीसी मोहम्मद इमरान रजा ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि आयोग द्वारा दिए गए सभी निर्देशों की पूर्ण पालना सुनिश्चित की जाए।

