बिजनौर में बाघ दिखने पर ग्रामीणों में दहशत, वन विभाग ने लगाया पिंजरा
रायपुर गांव में आज सुबह खेतों पर काम करने जा रहे किसानों ने बाघ को खेतों की पगडंडी पर घूमते देखा। उन्होंने इसका वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। बाघ देख ग्रामीण महेश सिंह, भूपेंद्र सिंह, रवि कुमार, दिलशाद अहमद, मंदीप लाहौरी और एसपी सिंह सहित कई स्थानीय निवासियों ने वन विभाग काे इसकी जानकारी दी। उन्हाेंने बाघ को पकड़कर सुरक्षित वन क्षेत्र में छोड़ने की मांग की है।
बाघ की जानकारी मिलते ही पतरामपुर के वन क्षेत्राधिकारी देवेंद्र रजवार अपनी टीम के साथ माैके पर पहुंचे। उन्हाेंने बाघ के निशान देखे। वन क्षेत्राधिकारी ने बताया कि बाघ को फंसाने के लिए उसके संभावित विचरण क्षेत्र में एक पिंजरा लगाया गया है। वनकर्मियों की गश्त बढ़ा दी गई है और ग्रामीणों से सतर्कता बरतने की अपील की गई है। ————–

