UP

फर्रुखाबाद में गांवों और फसल के लिए मुसीबत बनी गंगा की कटान, डीएम से मिले किसान

गंगा कटान से परेशान सैकड़ों किसानों ने आज जिला पंचायत सदस्य मनोज मिश्रा की अगुआई में जिला मुख्यालय पहुंच कर जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी काे अपनी समस्या बताई । किसानों ने बताया कि उनके गांव अलमापुर, चम्पतपुर, दुधा, गढ़िया हैवतपुर, अचानकपुर, कटरी तौफीक, रूपपुर मंगलीपुर हैं। यहां के लोग पहले बाढ़ से और अब गंगा नदी की कटान से परेशान हैं। गढ़िया हैवतपुर से गंगा नदी की दूरी 50 मीटर रह गई है। प्रशासन ने बाढ़ का मुआवजा भी केवल गिने चुने लोगों को दिया है। अधिकांश लोगों को मुआवजा नहीं मिला। क्षेत्रीय लेखपाल ने बाढ़ के मुआवजे के लिये आनलाइन आवेदन की प्रक्रिया को मात्र एक घण्टे का समय दिया था।

किसानों ने जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी से सिंचाई विभाग से पत्थर की ठोकरें बनवाने एवं क्षेत्रीय लेखपालों से गन्ना की फसल एवं बाढ़ का सर्वे करा कर मुआवजा दिलवाने की मांग की । जिलाधिकारी ने सभी मांगों को ध्यान से सुना और निराकरण का आश्वासन दिया। डीएम काे अपनी व्यथा सुनाने वालों में किसान प्रवेश कुमार ,जयवीर, रामप्रकाश, शीशपाल, रामरतन, राजकुमार, गेंदालाल, अनुज कुमार, विमलकान्त, दफेदार, राधेश्याम सहित बड़ी संख्या में किसान शामिल रहे ।