(अपडेट) कार और ट्रक की आमने—सामने की भिड़ंत में चार लोगों मौत
डीएसपी (सीओ जमवारामगढ़) मुकेश जोशी ने बताया कि हादसा मनोहरपुर-दौसा नेशनल हाईवे पर रतनपुरा के पास दोपहर करीब 12.55 बजे हुआ था। जहां मनोहरपुरा से दौसा की तरफ ट्रक जा रहा था और इसी दौरान रतनपुरा के पास सामने की ओर से इको कार आ रही थी। इस दौरान हादसा हो गया। हादसे की सूचना रायसर थाना पुलिस और मनोहरपुर थाना पुलिस ने लोगों की मदद से क्षतिग्रस्त कार में फंसे लोगों को बाहर निकाल कर अस्पताल पहुंचाया। इस हादसे में सुनील (36), भगवानाराम विश्नोई (50), विकास और सुधांशु सिंह (42) की मौत हो गई। सुनील हरियाणा के कैथल जिले के शिमला गांव (थाना कलापत) के रहने वाले थे। सुधांशु सिंह उत्तर प्रदेश के बरेली जिले के नेकपुर गांव (थाना मंडी) के रहने वाले थे। भगवानाराम विश्नोई और विकास दोनों नोखा (बीकानेर) के रहने वाले थे। वहीं इस हादसे में भगवानाराम विश्नोई की पत्नी विमला, अमित (30), अनिल (32) और ड्राइवर लोकेश घायल हो गए। जबकि एक घायल की पहचान नहीं हो पाई है। सभी घायलों का निम्स हॉस्पिटल में इलाज चल रहा है। अमित और अनिल हरियाणा के रहने वाले हैं। कार में 9 लोग सवार थे और मेहंदीपुर बालाजी के दर्शन करने आए थे। यहां दर्शन के बाद खाटूश्यामजी जा रहे थे। हादसे के बाद ट्रक ड्राइवर मौके से फरार हो गया।

