Haryana

गुरुग्राम : तहसीलदार दो लाख रुपये की रिश्वत लेते गिरफ्तार

गुरुग्राम, 13 नवंबर । एसीबी टीम ने गुरुवार को गुरुग्राम में बड़ी कार्रवाई करते हुए तहसीलदार को दो लाख रुपये की रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया है। तहसीलदार की पहचान रोहित सुहाग के रूप में हुई है। भ्रष्टाचार के इस मामले में तहसीलदार के सहायक सौरभ के खिलाफ भी मामला दर्ज किया गया है। सौरभ फिलहाल फरार है। एसीबी ने तहसीलदार और सौरभ के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा 7 के तहत मामला दर्ज कर लिया है।

एसीबी को दी गई शिकायत में एक ट्रांसपोर्टर ने कहा कि हरियाणा विधानसभा चुनाव 2024 में उपायुक्त गुरुग्राम द्वारा उसकी गाड़ियां लगाई थी और सरकार द्वारा तय दर के हिसाब भुगतान किया जाना था। चुनाव के बाद गाड़ियों के किराए का बिल उपायुक्त कार्यालय द्वारा गुरुग्राम पुलिस आयुक्त कार्यालय भेजा गया था। भुगतान की प्रक्रिया पूरी करने के लिए पुलिस विभाग को चुनाव कार्यालय, जिला गुरुग्राम से एनओसी की जरूरत थी।

एसीबी अधिकारियों के अनुसार ट्रांसपोर्टर ने तहसीलदार से संपर्क किया। आरोप है कि तहसीलदार रोहित सुहाग और उसके सहायक सौरभ ने ट्रांसपोर्टर से 3.5 लाख रुपए की रिश्वत मांगी। कई बार बातचीत करने पर तहसीलदार ने दो लाख रुपये रिश्वत देने की बात कही।

ट्रांसपोर्टर ने इसकी शिकायत एसीबी को दी। शिकायत मिलते ही एसीबी ने ट्रैप लगाया और आरोपी तहसीलदार को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया। एसीबी ने तहसीलदार रोहित सुहाग व सहायक सौरभ के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।