Himachal Pradesh

हिमाचल विश्वविद्यालय में धूमधाम से मनाया ‘हमीर संगम’, अनुराग ठाकुर ने की शिरकत

इस मौके पर शिमला में विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य कर रहे हमीरपुर जिले से जुड़े कई व्यक्तित्वों को भी सम्मानित किया किया। अनुराग ठाकुर ने आकाशवाणी शिमला के समाचार प्रमुख व सहायक निदेशक रितेश कपूर सहित अन्य प्रबुद्ध जनों को सम्मानित किया।

अनुराग ठाकुर ने कहा कि हमीर संगम केवल एक जिले के लोगों को जोड़ने का कार्यक्रम नहीं, बल्कि यह मंच उन लोगों को सम्मानित करने का अवसर है जिन्होंने अपने क्षेत्र और समाज के लिए अच्छा कार्य किया है। ऐसे आयोजनों से प्रदेश के लोगों में आपसी एकजुटता और सहयोग की भावना मजबूत होती है। उन्होंने कहा कि हिमाचल एक छोटा पहाड़ी राज्य है और हमें जिलों के नाम पर सीमाएं खींचने के बजाय पूरे राज्य के विकास के लिए मिलजुलकर काम करना चाहिए।

अनुराग ठाकुर ने कहा कि आज की युवा पीढ़ी ‘विकसित भारत’ के सपने को साकार करने के लिए पूरे मनोयोग से कार्य कर रही है। भारत आज वंदे मातरम् के 150 वर्ष मना रहा है। इस गीत ने आजादी की लड़ाई में देशवासियों में जोश और देशभक्ति की भावना जगाने में अहम भूमिका निभाई। अंग्रेज वंदे मातरम् के उदघोष से भयभीत हो जाते थे। आज भारत विश्व के शक्तिशाली देशों की कतार में अग्रणी है।

अनुराग ठाकुर ने कहा कि हिमाचल प्रदेश में आज एनआईटी, एम्स बिलासपुर, कैंसर अस्पताल, पीजीआई सेंटर, ट्रिपल आईटी, मेडिकल कॉलेज और मैनेजमेंट कॉलेज जैसे बड़े संस्थान स्थापित हैं। आने वाले समय में प्रदेश के युवाओं को रोजगार के अधिक अवसर प्रदान किए जाएंगे। दो साल के भीतर खेल क्षेत्र के लिए एक ब्लूप्रिंट तैयार किया जा रहा है, जिसके तहत खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण और सुविधाएं देकर उन्हें ओलिंपिक में पदक जीतने के योग्य बनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि हिमाचल के युवाओं ने हमेशा भारतीय सेना में गौरवशाली योगदान दिया है, जो आजादी से लेकर आज तक जारी है।

कार्यक्रम में कुलवी नाटी, योगा प्रस्तुति, गिद्दा, भांगड़ा, नाटक ‘राम’, वेस्टर्न डांस, शिमला नाटी और गद्दाली नाटी जैसी शानदार प्रस्तुतियों ने दर्शकों को खूब मनोरंजन किया। इंडियन आइडल फेम अनुज शर्मा के गीतों ने माहौल को और भी जीवंत बना दिया।

इस अवसर पर विधायक इंद्र दत्त लखनपाल, भारतीय जनता युवा मोर्चा के प्रदेशाध्यक्ष डॉ. सन्नी शुक्ला, हमीरपुर स्टूडेंट एसोसिएशन के अध्यक्ष ललित, सचिव आर्यन, पार्षद किरण बाबा, कमलेश मेहता सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति भी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन पारंपरिक अंदाज में उत्साह और जोश के साथ हुआ।