जिमी शेरगिल स्टारर ‘मैजिकल वॉलेट’ का पोस्टर आया सामने
पहली झलक ने बढ़ाई फिल्म को लेकर उत्सुकता
‘मैजिकल वॉलेट’ का पोस्टर निर्माताओं ने सोशल मीडिया पर शेयर किया, जिसमें एक रहस्यमयी और दिलचस्प विजुअल के ज़रिए फिल्म के फैंटेसी टच की झलक दिखाई गई। पोस्टर के साथ दिया गया कैप्शन भी काफी ध्यान आकर्षित करता है, “जल्द ही आ रहा है। बटुआ खुलने पर हकीकत सामने आ जाएगी। पेश है जादुई बटुए की पहली झलक, जहां अराजकता के पास मुद्रा है और नियति के पास बचा छुट्टा।” यह टैगलाइन न सिर्फ कहानी में मौजूद रहस्य की ओर इशारा करती है, बल्कि फिल्म के टोन, हास्य, फैंटेसी और हल्की-फुल्की अराजकता को भी समझा देती है।
निर्देशक नितिन एन. कुशवाहा ने बताया कि फिल्म की कहानी एक ऐसे जादुई बटुए के इर्द-गिर्द घूमती है, जिसका संबंध पौराणिक कथाओं से जुड़ा हुआ है। यह बटुआ जहां हास्य पैदा करता है, वहीं इसके जरिए किस्मत, नैतिकता, लालच और भाग्य के दिलचस्प पहलुओं की भी पड़ताल की जाएगी। जिमी शेरगिल और संजय मिश्रा जैसे कलाकारों का संयोजन यह सुनिश्चित करता है कि फिल्म में कॉमेडी का स्तर ज़बरदस्त होगा, जबकि अंचल सिंह का किरदार इसमें नया ताज़गीभरा रंग जोड़ेगा।
फिल्म की शूटिंग फरवरी 2026 से शुरू होने जा रही है, जिसके लिए ऐतिहासिक और आध्यात्मिक नगरी वाराणसी को चुना गया है। गंगा किनारे बसे इस शहर की प्राचीनता, गलियों का रहस्य और सांस्कृतिक माहौल कहानी के फैंटेसी तत्वों को और भी उभारने में मदद करेगा।

