दिल्ली नगर निगम के 12 वार्डों में रविवार को उपचुनाव, भाजपा–आआपा में कड़ी टक्कर
नगर निगम के जिन 12 वार्डों में उपचुनाव होना है, उनमें मुंडका से भाजपा ने जय पाल सिंह दराल (चीनी प्रधान), आआपा ने अनिल लाकड़ा और कांग्रेस ने मकेश को उम्मीदवार बनाया है। शालीमार बाग-बी वार्ड में भाजपा ने अनीता जैन, आआपा ने बबीता अहलावत और कांग्रेस ने सरिता कुमारी को मैदान में उतारा है। अशोक विहार से भाजपा उम्मीदवार वीना असीजा, आआपा की सीमा विकास गोयल और कांग्रेस की विशाखा रानी चुनाव लड़ रही हैं। चांदनी चौक से भाजपा के सुमन कुमार गुप्ता, आआपा के हर्ष शर्मा और कांग्रेस के अजय कुमार जैन खड़े हैं। चांदनी महल से भाजपा ने सुनील शर्मा, आआपा ने मुद्दसिर उस्मान कुरैशी और कांग्रेस ने कुंवल शहजाद अहमद को टिकट दिया है।
द्वारका-बी से भाजपा उम्मीदवार मनीषा राजपाल सहरावत, आआपा की राजबाला सहरावत और कांग्रेस की समुता मलिक के बीच मुकाबला है। ढिंचाऊं कलां से भाजपा की रेखा रानी, आआपा की नीतू केशव चौहान और कांग्रेस की रश्मी शर्मा चुनाव मैदान में हैं। नारायणा वार्ड में भाजपा की चन्द्रकान्ता शिवानी, आआपा के राजन अरोड़ा और कांग्रेस के मनोज तंवर के बीच प्रतिस्पर्धा है। दक्षिणपुरी से भाजपा उम्मीदवार रोहिणी राज, आआपा के राम स्वरूप कनौजिया और कांग्रेस के विक्रम प्रत्याशी हैं। संगम विहार-ए से भाजपा ने शुभ्रजीत गौतम, आआपा ने अनुज शर्मा और कांग्रेस ने सुरेश चौधरी को उतारा है।
ग्रेटर कैलाश से भाजपा की अंजुम मंडल, आआपा की ईशना गुप्ता और कांग्रेस की शिखा कपूर मैदान में हैं। विनोद नगर से भाजपा ने सरला चौधरी, आआपा ने गीता रावत और कांग्रेस ने विनय शंकर दुबे को उम्मीदवार बनाया है।
उपचुनाव के लिए कुल 143 स्थानों पर 580 पोलिंग स्टेशन बनाए गए हैं। इनमें सबसे अधिक 55 पोलिंग स्टेशन शालीमार बाग-बी वार्ड में स्थापित किए गए हैं। इस साल फरवरी में हुए विधानसभा चुनाव में भाजपा के आठ और आम आदमी पार्टी के तीन पार्षद विधायक चुने गए थे। विधायक बनने के बाद इन्होंने निगम की सदस्यता से इस्तीफा दे दिया, जिससे ये वार्ड खाली हो गए। इसके अलावा पार्षद कमलजीत सहरावत के सांसद बनने के बाद उनका वार्ड भी रिक्त हो गया। इन रिक्त स्थानों को भरने के लिए 12 वार्डों में यह उपचुनाव कराया जा रहा है।

