Haryana

सोनीपत: नैतिकता आधारित पत्रकारिता समय की मांग

सोनीपत, 24 नवंबर । स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी ऑफ हरियाणा में आज की पत्रकारिता में

राष्ट्रवाद तथा खेल पत्रकारिता में करियर अवसर विषय पर एक दिवसीय कार्यशाला सोमवार

को आयोजित हुई। मीडिया, पत्रकारिता, बीपीइएस, एमपीइएस, बीएससी स्पोर्ट्स, डिप्लोमा

एवं परास्नातक डिप्लोमा के लगभग 400 विद्यार्थियों ने सहभागिता की।

कार्यशाला के मुख्य वक्ता प्रफुल्ल केतकर ने अंतरराष्ट्रीय

राजनीति, वैश्विक मीडिया कथानक, भारतीय दृष्टि तथा राष्ट्रीय विमर्श पर विस्तृत व्याख्यान

प्रस्तुत किया। उन्होंने कहा कि सत्य, राष्ट्रीय हित और नैतिकता पर आधारित पत्रकारिता

समय की प्रमुख आवश्यकता है खेल पत्रकारिता युवाओं के लिए तेज़ी से उभरता क्षेत्र बन

रहा है और यह कार्यशाला विद्यार्थियों को नई दिशा प्रदान करेगी।

दूसरे सत्र में खेल गुरु हिमांशु चतुर्वेदी ने खेल पत्रकारिता

में करियर संभावनाएं, खेल कानून, खेलों में नैतिकता, तथा रिपोर्टिंग की जिम्मेदारियों

पर प्रेरक विचार रखे। उन्होंने कहा कि पत्रकार की दृष्टि में राष्ट्रभाव, सत्य एवं

विश्वसनीयता सबसे महत्वपूर्ण तत्व हैं। कुलपति अशोक कुमार ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा

कि पत्रकारिता केवल सूचना का माध्यम नहीं, बल्कि राष्ट्र की विचारधारा को दिशा देने

वाली शक्ति है। खेलों में अनुशासन, निष्पक्षता और पारदर्शिता का संदेश पत्रकारों के

माध्यम से ही समाज तक पहुंचता है। विश्वविद्यालय का लक्ष्य ऐसे पत्रकार तैयार करना

है जो कौशल के साथ राष्ट्रीय मूल्यों को भी अपनाएं।

रजिस्ट्रार जसविंदर सिंह ने कहा कि ऐसी कार्यशालाएँ विद्यार्थियों

को उद्योग से प्रत्यक्ष जुड़ाव प्रदान करती हैं। कार्यक्रम का शुभारंभ डीन अकादमिक

मामलों एवं संयोजक प्रो. योगेश ठाकुर के स्वागत संबोधन से हुआ। समापन डीन स्पोर्ट्स

साइंस डॉ. विवेक कुमार के धन्यवाद वक्तव्य के साथ हुआ, जिसमें उन्होंने कार्यशाला को

विद्यार्थियों के लिए अत्यंत लाभकारी बताया। कार्यशाला का संचालन समन्वयक डॉ. जयपाल

मेहरा ने किया।