Haryana

जींद : समाधान शिविर में मिली 9923 शिकायतें, 8457 का निस्तारण

शुक्रवार को लघु सचिवालय स्थित सभागार में डीसी मोहम्मद इमरान रजा ने विभिन्न विभागों द्वारा समाधान प्रकोष्ठ पर प्राप्त शिकायतों की विभागवार समीक्षा की और निस्तारण की प्रगति का विस्तृत आंकलन किया। डीसी मोहम्मद इमरान रजा ने निर्देश दिए कि शिकायतों के समाधान में किसी प्रकार की देरी, ढिलाई या औपचारिकता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का मुख्य उद्देश्य है कि जनता की समस्याओं का समाधान समयबद्ध, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण रूप से सुनिश्चित हो। इससे पूर्व चंडीगढ़ मुख्यालय की ओर से उच्च अधिकारियों द्वारा प्रदेश के सभी उपायुक्तों के साथ समाधान शिविरों में प्राप्त शिकायतों तथा विभागों में लंबित मामलों की समीक्षा की गई है।

डीसी मोहम्मद इमरान रजा ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि समाधान प्रकोष्ठ पोर्टल पर दर्ज शिकायतों की कार्यवाही समय से पूरी हो और एक्शन टेकन रिपोर्ट नियमित रूप से पोर्टल पर अपलोड की जाए। बैठक में एएसपी सोनाक्षी सिंह, एसडीएम सत्यवान मान, डीएमसी सुरेंद्र सिंह, नगराधीश मोनिका रानी, डीडीपीओ संदीप भारद्वाज सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

डीसी मोहम्मद इमरान रजा ने कहा कि 60 दिन या उससे अधिक समय से लंबित शिकायतों का निपटान तत्काल प्राथमिकता के आधार पर किया जाए। उन्होंने विभागाध्यक्षों को निर्देश देते हुए कहा कि किसी प्रकार का तकनीकी बहाना या अनावश्यक विलंब स्वीकार्य नहीं होगा। विभागध्यक्ष स्वयं इन लम्बे समय से लंबित पड़ी समस्याओं को जांचे। उन्होंने कहा कि अधिकारी प्रतिदिन जनसंवाद पोर्टल की निगरानी करें और प्राप्त शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई को सुनिश्चित करें। शिकायतों को केवल औपचारिक प्रविष्टियां न समझ कर नागरिकों की वास्तविक समस्याओं के रूप में देखते हुए समाधान पर जोर दें।