Haryana

शोध और नवाचार का मज़बूत स्तंभ बनेगा एनआईटी कुरूक्षेत्र : असीम घोष

-सरकार शिक्षा सुधार, डिजिटल गवर्नेंस और ग्रामीण विकास हेतु प्रतिबद्ध

चंडीगढ़, 30 नवंबर । हरियाणा के राज्यपाल प्रो.असीम कुमार घोष ने कहा कि एनआईटी कुरुक्षेत्र भारत के रिसर्च और इनोवेशन इकोसिस्टम में एक महत्वपूर्ण स्तंभ के रूप में तेजी से उभर रहा है, आने वाले समय में गौरव और उपलब्धियों की नई ऊँचाइयों को प्राप्त करेगा।

राज्यपाल रविवार को एनआईटी कुरुक्षेत्र के 20वें दीक्षांत समारोह में युवा स्नातकों और मेडल प्राप्तकर्ताओं को संबोधित कर रहे थे। इस समारोह में भारत के उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन मुख्य अतिथि के रूप में और हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए।

राज्यपाल ने कहा कि पिछले कुछ वर्षों में एनआईटी कुरुक्षेत्र ने शैक्षणिक क्षेत्र में उल्लेखनीय रूपांतरण किया है। यह संस्थान अब 15 स्नातक कार्यक्रम तथा 28 स्नातकोत्तर कार्यक्रम प्रदान करता है, जिनमें 17 एम.टेक, चार एम.एससी, एमबीए, एमसीए तथा इंटीग्रेटेड बी.टेक-एम.टेक सहित अन्य कार्यक्रम शामिल हैं।

इस अवसर पर हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि बदलते दौर में चुनौतियों का सरल व प्रभावी समाधान केवल नवाचार से संभव है। उन्होंने डिग्री धारक और पदक लेने वाले युवाओं से आह्वान किया कि वे अपने ज्ञान और कौशल का उपयोग समाज की समस्याओं को सरल बनाने में करें।

मुख्यमंत्री ने धर्मक्षेत्र कुरुक्षेत्र के ऐतिहासिक महत्व का उल्लेख करते हुए कहा कि यह वही भूमि है जहां 5,163 वर्ष पहले महाभारत का युद्ध हुआ था और जहां विज्ञान व तकनीक का सर्वोच्च स्तर देखने को मिला।