डाक्टरों के तबदालों पर भाजपा कर रही कोरी राजनीति:संजीव गुलेरिया
संजीव गुलेरिया ने कहा कि मंडी जिला में भी प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में एक-एक आदर्श स्वास्थ्य संस्थान स्थापित किया गया है। इन अस्पतालों में आवश्यक स्वास्थ्य उपकरणों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के साथ ही रोगियों को उपचार की बेहतर सुविधाएं प्रदान करने के लिए डॉक्टरों की तैनाती की जा रही है।
उन्होंने कहा कि भाजपा सहित विपक्षी विधायक इन दूरस्थ क्षेत्रों में डॉक्टरों की तैनाती पर कोरी राजनीति कर लोगों को भ्रमित करने का प्रयास कर रहे हैं। मेडिकल कॉलेज से कार्य अनुभव प्राप्त कर निकले यह डॉक्टर मंडी जिला के विभिन्न अस्पतालों जैसे पधर, जोगेंद्रनगर, धर्मपुर व करसोग सहित दूरस्थ क्षेत्रों में रोगियों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करेंगे।
उन्होंने कहा कि सरकारी विभागों में तबादले एक सामान्य प्रक्रिया है और इस पर बेमतलब की राजनीति कर लोगों को भरमाने के प्रयास नहीं किए जाने चाहिए। जहां तक नेरचौक मेडिकल कॉलेज की बात है तो यहां 10 दिन पहले ही 8 नए डॉक्टर ड्यूटी ज्वाईन कर चुके हैं। बदले गए शेष 33 डॉक्टरों में से 4 को वापस यहीं तैनात किया गया है जबकि बाकि 29 में क्लीनिकल डिपार्टमेंट में से 12 ही डॉक्टर हैं। ऐसे में इस मेडिकल कॉलेज में स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करने में किसी भी तरह से डॉक्टरों की कमी नहीं होगी।
संजीव गुलेरिया ने कहा कि जिस तरह से विपक्ष के लोग इस पर राजनीति कर रहे हैं उससे आभास होता है कि शायद वे दूरदराज क्षेत्रों में लोगों को घर-द्वार पर बेहतर सुविधाएं देने के पक्ष में नहीं हैं। नागरिक अस्पतालों में छह-छह विशेषज्ञ डॉक्टर मिलने से उन क्षेत्रों के लोगों को क्षेत्रीय अस्पताल मंडी या नेरचौक मेडिकल कॉलेज में उपचार के लिए नहीं आना पड़ेगा। जिससे उनके समय व पैसे दोनों की ही बचत होगी।
उन्होंने भाजपा को कड़ा संदेश देते हुए कहा कि केवल विरोध के लिए विरोध करने की परिपाटी को छोड़कर लोगों को घर के समीप मिलने वाली बेहतरीन स्वास्थ्य सेवाओं के लिए सरकार के फैसलों का स्वागत करें।

