सोनीपत: कष्ट निवारण समिति की बैठक में 14 शिकायतों का निपटारा
समिति बैठक में युवा अधिकारिता एवं उद्यमिता राज्यमंत्री गौरव गौतम ने ग्रामीणों की
विभिन्न शिकायतों पर त्वरित निर्णय लेते हुए कई मामलों में तत्काल कार्रवाई के निर्देश
दिए। बैठक में कुल 20 शिकायतें रखी गईं, जिनमें से 14 का समाधान मौके पर ही कर दिया
गया।
गांव बुटाना निवासी मंजू बाला ने आरोप लगाया कि बिजली चोरी
का झूठा मामला दर्ज कर उनसे राशि जमा करवाई गई। शिकायत पर गंभीरता दिखाते हुए राज्यमंत्री
ने संबंधित जूनियर इंजीनियर का तबादला करने और जमा करवाई गई राशि वापस लौटाने के निर्देश
दिए।
स्वास्थ्य विभाग द्वारा मृत्यु प्रमाण पत्र में नाम गलत दर्ज
किए जाने संबंधी शिकायत पर राज्यमंत्री ने अतिरिक्त उपायुक्त की अध्यक्षता में जांच
समिति गठित करने के निर्देश दिए और कहा कि समिति एक महीने में रिपोर्ट सौंपे। इसी प्रकार
चंदवती शर्मा द्वारा बेटी को विद्यालय में अध्यापक व प्राचार्य द्वारा परेशान किए जाने
की शिकायत पर नगराधीश, नगर निगम संयुक्त आयुक्त और जिला शिक्षा अधिकारी की अध्यक्षता
में समिति बनाकर निष्पक्ष जांच के आदेश दिए।
गांव मिरजापुर निवासी सुनीता ने विरासत में मिली जमीन पर जबरन
कब्जे की कोशिश की शिकायत रखी, जिस पर एसडीएम व एसीपी की अध्यक्षता में जांच समिति
गठित की गई। गांव सेहरी निवासी अजय के खेत तक रास्ता उपलब्ध करवाने संबंधी मामले पर
भी एसडीएम, तहसीलदार व बीडीपीओ को जांच सौंपने के निर्देश दिए गए। गांव खानपुर निवासी
अंगूरी की शिकायत पर कि उनके पति की मृत्यु के बाद जमीन उनके नाम होते हुए भी एक बेटे
ने गलत तरीके से बिक्री कर दी, राज्यमंत्री ने पुलिस एवं तहसील अधिकारियों को जांच
कर कब्जा रोकने के निर्देश दिए। गुड़गांव स्थित फ्लैट को गलत हस्ताक्षर कर बेचने के
मामले में मंत्री ने फोरेंसिक रिपोर्ट लेकर दोषी पर कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।
बैंक खाते की त्रुटि के कारण बुढ़ापा पेंशन बंद होने पर गांव
रभड़ा निवासी निर्मला का मामला उठाया गया, जिस पर संबंधित अधिकारियों को पेंशन तुरंत
बहाल करवाने के निर्देश दिए गए। भूमि विवाद से जुड़े अन्य मामलों में भी राज्यमंत्री
ने समयबद्ध जांच और आवश्यक कार्रवाई के आदेश दिए। बैठक में पुलिस आयुक्त ममता सिंह,
उपायुक्त सुशील सारवान, नगर निगम आयुक्त सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

