Rajasthan

उदयपुर को मिला ‘बेस्ट वेडिंग डेस्टिनेशन’ अवॉर्ड

गौरतलब है कि डेस्टिनेशन वेडिंग श्रेणी में राजस्थान लगातार अग्रणी रहा है। महलों, झीलों और मेवाड़ी धरोहर की वजह से उदयपुर वर्षों से देश-विदेश के कपल्स की पहली पसंद बना हुआ है। हाल के वर्षों में उदयपुर एशिया ही नहीं बल्कि वैश्विक रैंकिंग में भी शीर्ष पांच गंतव्यों में शामिल रहा है।

उपमुख्यमंत्री व पर्यटन मंत्री दिया कुमारी ने उदयपुर बेस्ट डेस्टिनेशन अवार्ड मिलने पर प्रसन्नता जाहिर करते हुए कहा कि डेस्टिनेशन वेडिंग के लिए राजस्थान पहली पसंद रहा है। देश के लगभग 70ः हेरिटेज प्रॉपर्टीज यहां स्थित हैं। हमारे किले, महल और हवेलियां सिर्फ संरचनाएं नहीं, बल्कि राजस्थान के इतिहास की जीवंत आत्मा हैं। पर्यटन आयुक्त रूकमणी रियाड़ ने कहा कि पर्यटन विभाग अब अपनी विरासत और संस्कृति का पूरा लाभ उठाते हुए वेडिंग, वेलनेस और एडवेंचर टूरिज़्म जैसे क्षेत्रों में अपनी विशिष्ट पहचान दर्ज कराने के लिए पूरी तरह तैयार है।

उदयपुर की वैश्विक पहचान हाल के वर्षों में कई हाई-प्रोफाइल सेलिब्रिटी शादियों के कारण और मजबूत हुई है। इसी कड़ी में संयुक्त राज्य अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के पुत्र डोनाल्ड ट्रंप जूनियर भी उद्योगपति रामराजू मंटेना की पुत्री की शादी में शामिल होने के लिए भारत पहुंचे। 21 से 23 नवंबर तक चले इस शाही समारोह में वे अपनी साथी के साथ हिस्सा लेने उदयपुर पहुंचे और झील पिछोला के किनारे स्थित द लीला पैलेस में ठहरे। ऐसे आयोजन उदयपुर को दुनिया के अग्रणी वेडिंग डेस्टिनेशन के रूप में लगातार मजबूती देते हैं।विशेषज्ञों का मानना है कि यह अवॉर्ड ऐसे समय आया है जब राजस्थान फिल्म शूटिंग, इवेंट्स और वेडिंग टूरिज़्म में तेज़ी से आगे बढ़ रहा है। उद्योग जगत ने इसे राज्य की ब्रांड वैल्यू और भविष्य के निवेश अवसरों के लिए सकारात्मक संकेत बताया है।