Uttarakhand

भाजपा नेता दुष्यंत गौतम ने वायरल ऑडियो-वीडियो को बताया साजिश, कानूनी कार्रवाई की दी चेतावनी

हरिद्वार, 26 दिसंबर । भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता और उत्तराखंड प्रभारी दुष्यंत कुमार गौतम ने अपने खिलाफ सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे ऑडियो-वीडियो क्लिप्स को एक गहरी साजिश बताया है। उन्होंने कुछ लोगों पर जानबूझकर उनकी राजनीतिक और सामाजिक छवि को नुकसान पहुंचाने की कोशिश करने का आरोप लगाया।

शुक्रवार को भाजपा नेता दुष्यंत गौतम ने एक बयान जारी स्पष्ट किया कि वायरल सामग्री से उनका कोई लेना-देना नहीं है और उन्हें गलत तरीके से अंकिता भंडारी हत्याकांड से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने इसे गंभीर मामला बताते हुए गृह सचिव को पत्र लिखकर 47 सोशल मीडिया हैंडल्स की सूची सौंपी है। पत्र में कहा गया है कि यह भ्रामक कंटेंट फेसबुक, इंस्टाग्राम, यूट्यूब और एक्स जैसे प्रमुख डिजिटल प्लेटफॉर्म पर प्रसारित किया गया है। गौतम ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म और कुछ चैनलों से इन क्लिप्स को हटाने की मांग की है।

गौतम ने कहा कि यदि इस तरह की भ्रामक और मानहानि करने वाली सामग्री को तुरंत नहीं हटाया गया, तो वे जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करेंगे। उन्होंने यह भी दोहराया कि यदि उन पर लगाए गए आरोप सही साबित होते हैं, तो वे सार्वजनिक जीवन से संन्यास लेने को तैयार हैं, लेकिन फिलहाल यह सब एक सोची-समझी राजनीतिक साजिश है। भाजपा नेताओं ने भी वायरल ऑडियो-वीडियो को फर्जी बताते हुए इसे विपक्ष की चाल बताया है, वहीं इस बयान के बाद मामला एक बार फिर राजनीतिक बहस का विषय बन गया है।