UP

हरगांव- हत्या या आत्महत्या -एक ही फंदे पर लटकी प्रेम कहानी

सीतापुर, 28 दिसंबर । रविवार की भोर… ठंडी हवा में खेतों से उठती धुंध और उसी सन्नाटे को चीरता हुआ एक दिल दहला देने वाला दृश्य। उत्तर प्रदेश के सीतापुर में थाना हरगांव के अनियापुर गांव के बाहर खड़े एक पुराने पेड़ पर एक ही रस्सी के फंदे से लटकते प्रेमी युगल के दो शरीर — मानो किसी ने एक झटके में दो जिंदगियां थाम कर हमेशा के लिए रोक दी हों।

कुछ ग्रामीण जब सुबह शौच के लिए गांव से बाहर निकले, तो उनकी नजर उस पेड़ पर पड़ी। पल भर को उन्हें यकीन नहीं हुआ, लेकिन पास जाकर देखा तो रूह कांप गई। देखते ही देखते पूरे गांव में खबर फैल गई। सैकड़ों लोग मौके पर जमा हो गए, कोई सिर पकड़कर बैठ गया, तो कोई रोते-रोते पेड़ के नीचे ढह गया।

ग्रामीणों के अनुसार युवक और युवती ने करीब पंद्रह दिन पहले घर से छुपकर प्रेम विवाह किया था। तभी से दोनों परिवारों के बीच तनाव का माहौल था। दोनों ने जिंदगी भर साथ निभाने का सपना देखा था, लेकिन समाज की दीवारें शायद उनके इरादों से कहीं ज्यादा ऊंची साबित हुईं।

सूचना मिलते ही थाना प्रभारी हरगांव बलवंत शाही पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। कुछ ही देर में सीओ सदर नेहा त्रिपाठी भी घटनास्थल पर पहुंचीं। पुलिस ने दोनों शवों को पेड़ से उतरवाकर पंचनामा भरते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

मगर मामला इतना सीधा नहीं दिख रहा। ग्रामीणों और परिजनों का कहना है कि दोनों के पैर जमीन से सटे हुए थे, जिससे आत्महत्या की थ्योरी पर सवाल खड़े हो रहे हैं। घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट भी बरामद नहीं हुआ है। ऐसे में गांव के हर शख्स की जुबां पर एक ही सवाल है — क्या यह सचमुच खुदकुशी थी, या फिर दो जिंदगियों को जबरन खामोश कर दिया गया?

जिस मन्दिर में शादी रचाई उसी मन्दिर के पास पेड़ में लटकते मिले दोनों के शव!!