UP

मोटरसाइकिल सवार तीन युवक सड़क किनारे लगे ट्रांसफार्मर से टकराए, दो की मौत, एक की हालत गंभीर, कानपुर रेफर

बिन्दकी कोतवाली क्षेत्र के खजुहा कस्बे के पास मित्र की बहन की शादी में आये मोटरसाइकिल सवार तीन मित्र अमित कुमार (22) पुत्र गोपीचंद निवासी ग्राम बकालपुर जनपद एटा तथा शिवम कनौजिया(24) पुत्र स्व. रामकिशन कनौजिया निवासी कस्बा अमौली थाना चांदपुर जनपद फतेहपुर एवं पुनीत तिवारी(23) पुत्र सुजीत तिवारी निवासी हरईया थाना पिहानी जनपद हरदोई गंभीर घायल हो गए। घटना की जानकारी मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने सभी को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बिंदकी में एंबुलेंस द्वारा भर्ती कराया गया। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में चिकित्सक ने अमित कुमार तथा शिवम कनौजिया को मृत घोषित कर दिया। जबकि गंभीर रूप से घायल पुनीत तिवारी को प्राथमिक उपचार के बाद हैलट अस्पताल कानपुर रेफर कर दिया गया।

कोतवाली प्रभारी हेमंत कुमार मिश्रा ने बताया कि मोटरसाइकिल सवार तीनों लोग हैलट अस्पताल कानपुर में एक्स-रे टेक्निशियन का प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे थे। अर्पित कुमार पुत्र बक्षराज निवासी जद्दूपुर बसंत खेड़ा की बहन की शादी में शामिल होने रविवार की रात को बिंदकी कस्बे के फरीदपुर मोड स्थित एक गेस्ट हाउस में आए थे। शादी कार्यक्रम के बाद वापस बकेवर की ओर जा रहे थे तभी खजुहा कस्बे में अनियंत्रित बाइक रोड किनारे ट्रांसफार्मर के एक पक्के चबूतरे से टकरा गये जिससे दुर्घटना हो गई। मृतक दोनों युवकों के शवो को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है और अग्रिम आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।