UP

सड़क हादसे में घायल युवक की इलाज के दौरान मौत

कोतवाली क्षेत्र के ग्राम हालेपुर निवासी प्रदीप कुमार पुत्र राम भरोसे ने पुलिस अधीक्षक औरैया को प्रार्थना पत्र देकर अवगत कराया कि 6 नवंबर को उसका पुत्र शिवम गांव के ही उमेश पुत्र प्रेम बाबू के साथ मोटरसाइकिल से विरूहूनी–भीखेपुर मार्ग से जा रहा था। जब वे टडवा गांव स्थित बंबा से लगभग 50 मीटर आगे पहुंचे, तभी विरूहूनी की ओर से तेज गति व लापरवाही से आ रही एक मोटरसाइकिल ने पीछे से टक्कर मार दी।

हादसे में शिवम और उमेश दोनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची एम्बुलेंस से दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अजीतमल ले जाया गया, जहां से हालत गंभीर होने पर उन्हें चिचौली अस्पताल रेफर किया गया। वहां भी स्थिति में सुधार न होने पर शिवम को आयुर्विज्ञान संस्थान सैफई भेजा गया, जहां उपचार के दौरान 20 नवंबर को मौत हो गई। सैफई पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया।

कोतवाली अजीतमल के प्रभारी निरीक्षक ललितेश त्रिपाठी ने बताया कि पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर मृतक के पिता की तहरीर पर अज्ञात मोटरसाइकिल चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। घटना की जांच की जा रही है। आरोपित चालक की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं।