जिला स्तरीय युवा महोत्सव का आयोजन आज
जिला मुख्य शिक्षा अधिकारी दीपक शुक्ला ने जानकारी देते हुए बताया कि जिला स्तरीय युवा महोत्सव का आयोजन शहीद लेफ्टिनेंट अभय पारीक राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय, गांधी नगर, जयपुर में होगा। वहीं, चयनित प्रतिभागियों की सहभागिता से बुधवार, 24 दिसंबर को संभाग स्तरीय युवा महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। शुक्ला ने बताया कि युवा महोत्सव का मुख्य उद्देश्य प्रदेश की उभरती हुई प्रतिभाओं को एक सशक्त मंच उपलब्ध कराना है, ताकि उनकी कला को पहचान मिल सके और वे भविष्य में राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर राज्य का नाम रोशन कर सकें। इस आयोजन के माध्यम से युवाओं में रचनात्मकता, आत्मविश्वास एवं सांस्कृतिक चेतना का विकास होगा। उन्होंने बताया कि महोत्सव में राज्य की दुर्लभ, पारंपरिक एवं लुप्तप्राय लोक कला एवं संस्कृति के संरक्षण, संवर्धन एवं प्रोत्साहन के उद्देश्य से स्थानीय युवा कलाकारों द्वारा विविध सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी जाएंगी। इनमें लोक नृत्य, लोक संगीत, नाट्य, गायन एवं अन्य सांस्कृतिक विधाओं की प्रस्तुतियां शामिल रहेंगी।

