MP

मंडलाः कलेक्टर ने किया धान खरीदी केंद्र का निरीक्षण, किसानों से ली सुविधाओं की जानकारी

कलेक्टर मिश्रा ने केंद्र पर पंजीकृत किसानों की संख्या, स्लॉट बुकिंग की स्थिति, अब तक खरीदी गई धान की मात्रा तथा परिवहन की प्रगति की विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने केंद्र प्रभारी को स्पष्ट निर्देश दिए कि केवल निर्धारित गुणवत्ता (एक्यू क्वालिटी) की धान ही खरीदी जाए तथा किसानों के भुगतान की प्रक्रिया शासन के निर्देशानुसार शीघ्र और समयबद्ध रूप से पूर्ण की जाए।

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने ग्राम खलवारा से आए किसान कोदुसिंह मरावी से चर्चा की। किसान मरावी ने बताया कि खरीदी केंद्र में धान की तुलाई आसानी और पारदर्शिता के साथ की जा रही है तथा उन्हें किसी प्रकार की परेशानी नहीं हो रही है। कलेक्टर ने किसानों से केंद्र पर उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं, जैसे बैठने की व्यवस्था, पानी, छाया एवं तौल व्यवस्था के संबंध में भी जानकारी ली और आवश्यक सुधार के निर्देश दिए।

कलेक्टर मिश्रा ने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि धान खरीदी कार्य पूरी ईमानदारी और पारदर्शिता के साथ संपन्न हो। उन्होंने कहा कि किसानों को किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए और यदि कहीं भी लापरवाही या अनियमितता पाई जाती है तो संबंधित के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।