जन संकल्प सम्मेलन: पड्डल मैदान को 18 ब्लॉकों में बांटकर की जाएगी सुदृढ़ व्यवस्था
उन्होंने कहा कि सम्मेलन में आने वाले लाभार्थियों को किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए, इसके लिए प्रत्येक व्यवस्था को अत्यंत व्यवस्थित ढंग से लागू किया जाए। उपायुक्त अपूर्व देवगन ने बताया कि पड्डल मैदान को 18 ब्लॉकों में विभाजित किया जा रहा है और प्रत्येक ब्लॉक में एक वरिष्ठ अधिकारी की तैनाती की जाएगी, ताकि लाभार्थियों को सुविधा और समन्वय सुचारू रूप से हो सके। लाभार्थियों की सूची को अंतिम रूप दे दिया गया है तथा उनके साथ नियुक्त समन्वय अधिकारियों की ड्यूटी भी तय कर दी गई है। लाभार्थियों के आवागमन, ठहरने और खानपान की पूरी योजना तैयार कर ली गई है।
उपायुक्त ने कहा कि सम्मेलन में भाग लेने वाले लाभार्थियों को पैकेट बंद भोजन और बोतलबंद पानी उपलब्ध करवाया जाएगा। साफ–सफाई की जिम्मेदारी नगर निगम मंडी को सौंपी गई है, जिसके लिए पर्याप्त सफाईकर्मी प्रत्येक ब्लॉक में तैनात रहेंगे। इसके साथ ही पड्डल मैदान में अस्थायी शौचालय और चिकित्सा सहायता केन्द्र स्थापित किए जा रहे हैं। आपात स्वास्थ्य सेवाओं के लिए मैदान में तीन और भ्यूली, पुलघराट तथा खलियार में तीन अतिरिक्त चिकित्सा केन्द्र संचालित किए जाएंगे।
उन्होंने यह भी बताया कि सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों की जानकारी देने के लिए सूचना एवं जन सम्पर्क विभाग द्वारा जिला के प्रमुख स्थानों पर होर्डिंग स्थापित किए जा रहे हैं और बहुत शीघ्र यह कार्य पूर्ण कर लिया जाएगा। इसके अतिरिक्त सरकार की उपलब्धियों, एंटी चिट्टा अभियान तथा आपदा प्रबंधन पर आधारित नुक्कड़-नाटकों के माध्यम से भी जनजागरूकता संदेश दिया जाएगा।
एसपी साक्षी वर्मा ने कहा कि 11 दिसंबर को यातायात प्रबंधन को सुदृढ़ रखने के लिए विस्तृत प्लान तैयार कर लिया गया है और उसे लागू करने की कार्रवाई जारी है, ताकि सम्मेलन में आने वाले सभी लाभार्थियों को सुगम और सुरक्षित आवागमन उपलब्ध हो सके।

