Haryana

जींद : शराब ठेकेदार की हत्या का आरोपित गिरफ्तार

बुधवार को जानकारी देते हुए सीआईए एक के ईचांर्ज पीएसआई मनीष कुमार ने बताया कि गांव महमूदपुर सोनीपत निवासी नवीन ने गत 21 जून को सदर थाना पुलिस को दी शिकायत में बताया था कि 20 जून शाम को उसका दोस्त शराब ठेकेदार गांव खरकरामजी निवासी वीरेंद्र गांव में ही शराब ठेके पर था। उसी दौरान कुछ युवक आए और वीरेंद्र पर फायरिंग कर उसकी हत्या कर दी। नवीन ने आरोप लगाया था कि वीरेंद्र की हत्या जेल में बंद गांव नगूरां निवासी राकेश, गांव साहनपुर निवासी दीपेंद्र राठी, गांव खरकरामजी निवासी अजय के इशारे पर की गई है। गांव साहनपुर निवासी कमल, गांव हाट निवासी कर्मपाल तथा तीन अन्य ने वारदात को अंजाम दिया है।

सदर थाना पुलिस ने नवीन की शिकायत पर राकेश, दीपेंद्र राठी, अजय, कमल, कर्मपाल समेत आठ-दस लोगों को नामजद कर कुछ अन्य के खिलाफ हत्या, शस्त्र अधिनियम समेत विभिन्न भारतीय न्याय संहिता के तहत मामला दर्ज किया था। पुलिस ने इस मामले में 11 आरोपितों को पहले ही गिरफ्तार कर लिया था। अब मामले में पुलिस ने प्रभावी कार्यवाही करते हुए सीआईए स्टाफ जींद ने सूचना के आधार पर जुलाना निवासी 12वें हत्यारोपित शंकर को गिरफ्तार किया है। 12वें हत्यारोपित पर हत्या के षडयंत्र का आरोप है।