शिवपुर तरना ओवरब्रिज पर सड़क हादसा: पूर्व प्रधान के बेटे की मौत, आक्रोशित लोगों ने लगाया चक्काजाम
बड़ागांव क्षेत्र के भेलखा गांव निवासी पूर्व प्रधान नंदलाल यादव के पुत्र अनीश यादव उर्फ मोनू (30) रोज की तरह शुक्रवार सुबह अपने साथी के साथ लगभग पांच बजे मार्निग वॉक के लिए तरना ओवरब्रिज पर पहुंचे थे। दोनों ओवरब्रिज के शुरुआती छोर तक टहलने के बाद वापस लौट रहे थे। इसी दौरान ढलान के निकट पीछे से आ रही तेज रफ्तार एंबुलेंस ने मोनू को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही वह हवा में उछलकर डिवाइडर पर जा गिरा और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। साथ चल रहे आकाश के मुताबिक, घटना इतनी अचानक हुई कि वह कुछ समझ ही नहीं पाया। कुछ देर बाद संभलकर उसने परिजनों को सूचना दी। घटना की जानकारी पाकर परिजन और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे तो मोनू का शव देखकर चीख—पुकार मच गई।
—फुटपाथ पर कब्जे को बताया हादसे का कारण
ग्रामीणों का आरोप है कि ओवरब्रिज के पास फुटपाथ पर दुकानदारों द्वारा ठेला लगाने और चादर बिछाकर सामान बेचने से पैदल चलने वालों को सड़क पर चलने की मजबूरी होती है। इसी कारण मोनू हादसे का शिकार हुआ। लोगों ने पुलिस पर देर से पहुंचने का भी आरोप लगाया।
शिवपुर थाना प्रभारी वीरेंद्र सोनकर ने बताया कि दुर्घटना में मृत युवक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। आगे की कार्रवाई की जा रही है।
परिवार में कोहराम, पत्नी बेहोश
परिजनों ने बताया कि मोनू की शादी दो साल पहले निशा यादव से हुई थी और उसकी आठ महीने की एक बेटी है। हादसे की जानकारी मिलते ही निशा बेहोश हो गई। मोनू की मौत से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई ।

